खेत-खलियान

तहसील कार्यालय के गेट पर किसानों ने किया प्रदर्शन, मांगें नहीं मानने पर आंदोलन की दी चेतावनी

Share

बागली (हीरालाल गोस्वामी)। भारतीय किसान संघ मालवा प्रांत की तहसील इकाई बागली द्वारा तहसील कार्यालय परिसर के सामने एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया गया। इस दौरान किसानों ने तहसील कार्यालय के गेट बंद कर विरोध दर्ज कराया।

धरने को संबोधित करते हुए प्रांतीय अध्यक्ष लक्ष्मीनारायण पटेल ने कहा कि किसानों पर लगातार दबाव बनाया जा रहा है, जो उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि नियम-कानून का पालन करवाना है तो मंडी अधिनियम के तहत समर्थन मूल्य (MSP) से नीचे फसल बिकने पर भी सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

किसानों ने प्रमुख रूप से मांग रखी कि गेहूं की तुलाई तुरंत शुरू की जाए, सोसाइटी की ड्यू डेट 31 मई तक बढ़ाई जाए और अधिक उत्पादन को देखते हुए प्रति बीघा 11 क्विंटल गेहूं समर्थन मूल्य पर खरीदा जाए। साथ ही किसानों ने कहा कि जब तक नरवाई प्रबंधन का ठोस विकल्प नहीं दिया जाता, तब तक किसानों पर दंडात्मक कार्रवाई बंद की जाए।

जिला प्रचार-प्रसार प्रमुख राकेश जाट ने कहा कि गेहूं खापे (स्टोरेज/प्रबंधन) को लेकर कोर्ट के जो आदेश हैं, उनका पालन पहले विभाग खुद सुनिश्चित करे। जब विभाग स्वयं व्यवस्था नहीं कर पा रहा है तो किसानों पर कार्रवाई करना गलत है। उन्होंने बिजली विभाग की लापरवाही से खेतों में लग रही आग और फसल नुकसान पर मुआवजे की मांग भी उठाई। साथ ही जंगलों में लग रही आग को रोकने और वन विभाग की जिम्मेदारी तय करने की मांग की गई।

धरने में प्रांत प्रचार प्रमुख गोवर्धन पाटीदार, जिला उपाध्यक्ष नारायण मंडलोई, तहसील अध्यक्ष अनिल पाटीदार, मंत्री सतीष प्रजापति सहित सैकड़ों किसान उपस्थित रहे।

Back to top button