सत्संग से व्यक्ति के विचार शुद्ध होते हैं और जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आता है- वैष्णवी वैष्णव

– समापन अवसर पर कथावाचक का धर्मेंद्रसिंह राजपूत ने किया स्वागत
देवास। ग्राम बड़ी चुरलाय में चार दिवसीय सत्संग महोत्सव श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में संपन्न हुआ। श्रीश्री 1008 गुरु गंगादासजी महाराज के समाधि स्थल पर प्रतिदिन दोपहर 12 से 3 बजे तक आयोजित सत्संग में क्षेत्र सहित आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल हुए।
महोत्सव के दौरान कथावाचक वैष्णवी वैष्णव (मलेंडिया) ने कहा, कि सत्संग से व्यक्ति के विचार शुद्ध होते हैं और जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आता है। सत्संग के माध्यम से हम भगवान की भक्ति, अच्छे संस्कार और नैतिक मूल्यों को आत्मसात कर सकते हैं, जो समाज और परिवार दोनों के लिए आवश्यक हैं।
समापन अवसर पर मुख्यमंत्री से सम्मानित किसान धर्मेंद्रसिंह राजपूत ने मंच पर पहुंचकर कथावाचक का पुष्पमाला से अभिनंदन किया।
इस अवसर पर धर्मेंद्रसिंह राजपूत ने कहा, कि सत्संग और धार्मिक आयोजन समाज को सही दिशा देने का कार्य करते हैं। आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में हमें धर्म और संस्कारों से जुड़ना अत्यंत आवश्यक है। संतों के सानिध्य से मन को शांति मिलती है और जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। कार्यक्रम का आयोजन समस्त ग्रामवासी एवं ग्राम पंचायत बड़ी चुरलाय द्वारा किया गया।




