क्राइम

देवास में ‘एमडी ड्रग्स गैंग’ पर पुलिस का बड़ा प्रहार: 100 पुलिसकर्मियों ने 4 अलग-अलग स्थानों पर दी दबिश

Share

 

जिले के युवाओं को नशे की लत लगाने वाले संगठित गिरोह का पर्दाफाश

14 तस्कर गिरफ्तार, 10 लाख का माल जब्त

देवास। पुलिस ने युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वाले संगठित गिरोह पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ही दिन में जिले के चार स्थानों पर दबिश देकर 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

करीब एक माह की गुप्त मॉनिटरिंग के बाद की गई इस कार्रवाई में एमडी ड्रग्स, कार, बुलेट मोटरसाइकिल, 14 मोबाइल सहित लगभग 10 लाख रुपये का माल जब्त किया गया है। सोमवार को प्रेसवार्ता में इस संबंध में एसपी पुनीत गेहलोद ने जानकारी दी।

प्रदेश में चलाए जा रहे नशा मुक्ति अभियान “नशे से दूरी है जरूरी” के तहत देवास पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। करीब एक माह तक लगातार निगरानी रखने के बाद पुलिस ने रविवार को 12 घंटे के भीतर जिले के चार अलग-अलग स्थानों पर एक साथ दबिश देकर नशे का कारोबार करने वाले संगठित गिरोह का पर्दाफाश कर दिया। इस कार्रवाई में कुल 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना के मार्गदर्शन तथा पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोत के नेतृत्व में जिले में नशे के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) जयवीर सिंह भदौरिया, नगर पुलिस अधीक्षक सुमित अग्रवाल तथा एसडीओपी सोनकच्छ दीपा मांडवे के निर्देशन में कोतवाली थाना प्रभारी श्यामचंद्र शर्मा, औद्योगिक थाना प्रभारी शशिकांत चौरसिया, पिपलरावां थाना प्रभारी सुबोध कुमार गौतम, बीएनपी थाना प्रभारी प्रीति कटारे के नेतृत्व में करीब 100 पुलिसकर्मियों की टीम ने चार अलग-अलग स्थानों पर एक साथ कार्रवाई की।

कार में कर रहे थे ड्रग्स का सौदा- थाना बैंक नोट प्रेस पुलिस को सूचना मिली थी कि बिलावली-राजपुरा रोड पर बिना नंबर की सिल्वर इग्निस कार में कुछ लोग एमडी ड्रग्स का सौदा करने आए हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर कार सवार राजा खान, महेश कुमावत, रईस खान, सोदान परमार और शेख शाहरुख को पकड़ लिया। तलाशी में इनके पास से करीब 18.97 ग्राम एमडी ड्रग्स, नगदी, मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक तराजू और कार बरामद हुई।

सुरजना फाटा पर ग्राहक का इंतजार- थाना पीपलरावां पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर सुरजना फाटा से शकील खान को पकड़ा, जो एमडी ड्रग्स लेकर किसी को देने के इंतजार में खड़ा था। कार्रवाई में उसके साथी अल्ताफ और प्रताप सिंह को भी गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से 11.62 ग्राम एमडी ड्रग्स जब्त की गई।

रेलवे पटरी के पास सौदेबाजी- थाना कोतवाली पुलिस ने मोती बंगला रेलवे पटरी के पास दबिश देकर जुबेर खान, ताहिर शाह और साहिल शेख को गिरफ्तार किया। इनके पास से 17.87 ग्राम एमडीएमए ड्रग्स, मोबाइल फोन और नगदी बरामद हुई।

बुलेट से बेचने जा रहे थे ड्रग्स- थाना औद्योगिक क्षेत्र पुलिस ने एबी रोड क्षिप्रा ब्रिज के पास घेराबंदी कर लाल रंग की रॉयल एनफील्ड बुलेट पर आए तीन युवकों—हबीब-उर-रहमान उर्फ रघु, अरुण वर्मा और कैफ को पकड़ा। इनके पास से 16.24 ग्राम एमडी ड्रग्स और बुलेट मोटरसाइकिल जब्त की गई।

10 लाख का माल जब्त- पुलिस ने सभी आरोपियों से कुल 64.7 ग्राम एमडी ड्रग्स, एक इग्निस कार, रॉयल एनफील्ड बुलेट, 14 मोबाइल फोन सहित लगभग 10 लाख रुपये का माल जब्त किया है। सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

पहले भी हुई बड़ी कार्रवाई- उल्लेखनीय है कि नशे के खिलाफ चल रहे अभियान में देवास पुलिस पिछले डेढ़ महीने में लगातार चौथी बड़ी कार्रवाई कर चुकी है। इससे पहले 31 स्थानों पर एक साथ दबिश देकर पुलिस ने 437 किलो गांजा जब्त कर 14 तस्करों को गिरफ्तार किया था। अब तक जिले में कुल 475 किलो से अधिक गांजा जब्त करते हुए 29 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

गिरफ्तार आरोपी –

1. राजा खान उम्र 31 वर्ष निवासी ग्राम सिंदनी थाना टोंकखुर्द।

2. महेश कुमावत उम्र 53 वर्ष निवासी ग्राम सिंदनी थाना टोंकखुर्द।

3. रईस खान उम्र 27 वर्ष निवासी ग्राम अमरपुरा थाना बीएनपी।

4. सौदान परमार उम्र 45 वर्ष निवासी ग्राम सिंटनी थाना टोंकखुर्द।

5. शेख शाहरुख उम्र 28 वर्ष निवासी बालगढ़ रोड सिल्वर कॉलोनी थाना औद्योगिक क्षेत्र।

6. शकील खां उम्र 41 साल निवासी ग्राम चौबाराधीरा थाना पीपलरावां।

7. अल्ताफ खान उम्र 22 साल निवासी चौबाराधीरा।

8. प्रताप सिंह उम्र 28 साल निवासी सांवेर थाना सोनकच्छ।

9. जुबेर खान उम्र 19 साल निवासी सहारा ग्रीन, देवास।

10. ताहिर शाह उम्र 20 साल निवासी नौसराबाद कालोनी देवास।

11. साहिल शेख उम्र 30 साल निवासी त्रिलोक नगर इटावा।

12. हबीब-उर-रहमान उर्फ रघु खान उम्र 21 वर्ष निवासी ग्राम रसूलपुर

13. अरुण वर्मा उम्र 39 वर्ष निवासी नागूखेड़ी चौकी देवास

14. कैफ खान उम्र 28 वर्ष निवासी उत्तमनगर इटावा देवास व स्थाई निवासी भगतसिंह मार्ग गोया, देवास

 

Back to top button