प्रशासनिक

व्यवसायिक वाहनों की पीयूसी जांच के लिए 15 दिन का विशेष अभियान चलाए – कलेक्‍टर ऋतुराज सिंह

Share

 

– चेकिंग पॉईंट बनाकर ड्राइवरों के लाइसेंस, नशे की स्थिति और ड्रेस संबंधी जांच करें

– क्षमता से अधिक सवारी बिठाने और तेज गति से बस चलाने वालों पर कार्रवाई करें

– जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित

देवास। कलेक्टर ऋतुराज सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित हुई। बैठक में कलेक्‍टर ऋतुराज सिंह एवं पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद ने यातायात व्‍यवस्‍था, महिला अपराध रोकथाम, एसटी/एससी अपराध, नशा मुक्ति, चिन्हित अपराध, गबन धोखाधडी और अवैध खनन संबंध विषयों पर विस्‍तृत समीक्षा की।

बैठक में नगर निगम सभापति रवि जैन, नगर निगम आयुक्त दलीप कुमार, अपर कलेक्टर शोभाराम सोलंकी, अपर कलेक्टर संजीव जैन, एसडीएम बागली शिवम यादव, एसडीएम टोंकखुर्द संजीव सक्‍सेना, एसडीएम खातेगांव प्रवीण प्रजापति, एसडीएम कन्नौद कन्हैयालाल तिलवारी सहित जिला अधिकारीगण एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित थे।

कलेक्‍टर श्री सिंह ने कहा कि राहवीर योजना और कैशलेस स्कीम का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं के दौरान जान बचाना और घायलों को तुरंत चिकित्सा सहायता प्रदान करना है। इन योजनाओं का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार किया जाये। आरटीओ राहवीर और कैशलेश स्कीम के अलग-अलग पंपलेट बनाकर सोशल मीडिया के माध्‍यम से अधिक से अधिक प्रसारित करें। जिससे नागरिकों को दोनों योजनाओं को समझने में आसानी हो। पुलिस, स्वास्थ्य और आरटीओ विभाग आपस में समन्वयन कर योजना का लाभ संबंधित को दिलाना सुनिश्चित करें तथा अन्य जिलों में घायल को भेजने पर संबंधित टीआई से सम्पर्क में रहें।

कलेक्‍टर श्री सिंह ने देवास में माताजी टेकरी पर श्रद्धालुओं के लिए आवागमन को सुगम बनाने, व्यवस्थाओं को सुधारने और सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर करने के संबंध में निर्देश देते हुए कहा कि टेकरी क्षेत्र में लाइसेंस वाली दुकानों को ही लगाने की अनुमति दें, अतिक्रमण कर लगाई गई दुकानों को अभियान चलाकर हटाने की कार्यवाही करें। उन्‍होंने टेकरी पर पाथ वे पर लाइट लगाने, बंद लाइट का चालू करने और कैमरा लगाने संबंधी निर्देश दिए। पुलिस को भी समय-समय पर गश्त लगाने के निर्देश दिए। उन्‍होंने कहा कि नवरात्रि को देखते हुए पहले से प्लान बनाकर कार्य करें। टेकरी के आसपास लगने वाली दुकानों को अनुमति देने के साथ ही अनुमति पत्र में शर्तो का उल्लेख भी करें। कोई भी दुकानदार ‘प्रसाद’ के नाम पर ग्राहकों से पार्किंग का पैसा नहीं वसूलेगा।

कलेक्‍टर श्री सिंह ने देवास शहर में विकास नगर चौराहा स्थित फ्लाई ओवर के नीचे वाहन पार्किंग की सुचारू व्यवस्था के संबंध में निर्देश दिए। उन्‍होंने कहा कि सर्विस रोड पर पार्किंग नहीं करने दें। नगर निगम और ट्रॉफिक प्लान बनाकर पार्किंग के लिए जगह आवंटित करें। देवास शहर में एबी रोड से अतिक्रमण हटाने के लिए नगर निगम और पुलिस की टीम साथ में मिलकर कार्य करें। कलेक्‍टर श्री सिंह ने कहा कि जिले में सभी प्रमुख मार्गों पर संबंधित निर्माण एजेंसी स्पीड लिमिट के बोर्ड लगाए। उन्‍होंने शार्प टर्न पर कॉन्वेक्स मिरर लगाने के निर्देश भी दिये।

कलेक्‍टर श्री सिंह ने कहा कि आरटीओ और ट्रॉफिक पुलिस बिना परमिट वाले वाहनों के विरूद्ध संयुक्त रूप से अभियान चलाकर कार्रवाई करें। चेकिंग पॉईंट लगाकर ड्राइवरों के लाइसेंस, नशे की स्थिति और ड्रेस संबंधी जांच करें। कलेक्‍टर श्री सिंह ने निर्देश दिए कि क्षमता से अधिक सवारी बिठाने और तेज गति से बस चलाने वालों पर कार्रवाई करें। उन्‍होंने ट्रॉफिकऔर आरटीओ को इंदौर-उज्जैन रूट पर संचालित बसों के समय को लेकर रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए। उन्‍होंने कहा कि शहर में बसों के लिए स्टॉपेज निर्धारित करें। यह भी सुनिश्चित करें कि निर्धारित स्‍टॉपेज के अलावा अन्‍य जगह पर बसें नहीं रूकनी चाहिए। कलेक्‍टर श्री सिंह ने आरटीओ को ओवर लोड ट्रक एवं अन्य वाहनों पर भी कार्रवाई के निर्देश दिये।

कलेक्‍टर श्री सिंह ने कहा कि देवास में एमजी रोड पर रूटीन में ट्रॉफिक की क्रेन चलाते रहें। बैठक में शहर में पार्किंग व्यवस्था के लिए भी चर्चा की गई। जिसमें नगर निगम सभापति श्री जैन द्वारा भी पार्किंग व्यवस्था के संबंध में सुझाव दिए गए। जिस पर कलेक्‍टर श्री सिंह ने कहा कि पार्किंग व्‍यवस्‍था के लिए प्‍लान बनाकर कार्य करें। उन्‍होंने व्यवसायिक वाहनों की पीयूसी जांच करने और सभी पेट्रोल पंप पर प्रदूषण जांच केंद्र स्थापित कराने के निर्देश दिए। उन्‍होंने कहा कि पीयूसी जांच को गंभीरता से लेकर प्रतिदिन व्यवसायिक वाहनों की जांच करें। जांच के लिए आरटीओ और पुलिस विभाग 15 दिन का विशेष अभियान चलाए। बैठक में सिविल लाइन चौराहे सहित देवास शहर के अन्य चौराहों पर सुचारू ट्रॉफिक व्यवस्था के संबंध में निर्देश दिए।

कलेक्‍टर श्री सिंह ने कहा कि जिले में दुर्घटना संभावित स्थानों पर रंबल स्ट्रिपर लगाए। ब्लैक स्पॉट पर कार्य करें। कलेक्‍टर श्री सिंह ने कहा कि जिले में चलने वाले हार्वेस्टरों के साथ स्ट्रा रीपर अनिवार्य किया गया है। इस संबंध में सभी हार्वेस्टर संचालकों को थाने में बुलाकर शपथ पत्र पर साइन कराए। बिना स्ट्रा रीपर के जिले में काई भी हार्वेस्टर नहीं चलना चाहिए। किसानों को नरवाई नहीं जलाने के लिए जागरूक करें। हार्वेस्टर के पास स्ट्रा रीपर नहीं है तो एसडीएम और पुलिस कार्रवाई करें।

Amaltas hospital

Back to top button