क्राइम

आधी रात को पुंजापुरा में तीन दुकानों के ताले चटकाए, सीसीटीवी में कैद हुए चोर

Share

 

 

पुंजापुरा (बाबू हनवाल)। मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात चोरों ने सुनसान सड़कों का फायदा उठाते हुए तीन दुकानों और एक मकान को निशाना बनाया।

एक दुकान से करीब 21 हजार रुपये की नकदी पार करने में सफलता मिली, जबकि अन्य स्थानों पर ताले तोड़े जाने के बावजूद चोरों को खाली हाथ लौटना पड़ा। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।

रात एक से दो बजे के बीच वारदात-
कस्बे में बीती रात करीब 1 से 2 बजे के बीच चोरों ने राजेन्द्र खण्डेलवाल की दुकान का ताला तोड़ा और गल्ले में रखे लगभग 21 हजार रुपये लेकर फरार हो गए।

इसके बाद चोरों ने पास स्थित सुंदर बरफ कियोस्क का ताला चटकाया, लेकिन वहां से उन्हें कुछ हाथ नहीं लगा। इसी क्रम में समीप स्थित ज्वेलरी दुकान और गजेन्द्र सोनी के निवास का भी ताला तोड़ा गया, किंतु किसी की आहट या संदेह होने पर मौके से भाग निकले।

भीकुपूरा में भी चोरी-
चोरों का हौसला इतना बढ़ा हुआ था कि वे भीकुपूरा क्षेत्र तक पहुंच गए। यहां विजयसिंह गेहलोत के घर से एक मिक्सर उठाकर ले गए। हालांकि यह चोरी बड़ी नहीं थी, लेकिन लगातार वारदातों से क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया है।

सीसीटीवी में कैद, पहचान बाकी-
पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में तीनों संदिग्ध नजर आ रहे हैं, लेकिन चेहरे स्पष्ट न होने के कारण उनकी पहचान अब तक नहीं हो पाई है।

पुलिस ने शुरू की जांच-
सूचना मिलते ही अभिनव शुक्ला, थाना प्रभारी बागली, ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। पुलिस ने चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से व्यापारियों में आक्रोश है। स्थानीय लोगों ने रात्री गश्त बढ़ाने की मांग की है।

Back to top button