प्रशासनिक

देवास में 11 जनवरी से शुरू होगा जैविक हाट, अब सेहत भी होगी बाजार के केंद्र में

Share

 

देवास। शहरवासियों को शुद्ध, पौष्टिक और रसायन-मुक्त खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने की दिशा में एक सराहनीय पहल की जा रही है।

शासन की मंशानुसार एवं कलेक्टर ऋतुराज सिंह के मार्गदर्शन में 11 जनवरी से फल-सब्जी मण्डी परिसर, मक्सी रोड देवास में जैविक हाट का शुभारंभ किया जा रहा है। यह हाट हर रविवार सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक लगेगा।

उप संचालक कृषि गोपेश पाठक ने जानकारी देते हुए बताया कि जैविक हाट में जिले के जैविक खेती करने वाले कृषक सीधे उपभोक्ताओं को अपनी उपज विक्रय करेंगे। इसमें हरी-ताजी जैविक सब्जियों के साथ-साथ जैविक अनाज और अन्य कृषि उत्पाद भी उपलब्ध रहेंगे। इससे एक ओर जहां किसानों को अपनी उपज का उचित मूल्य मिलेगा, वहीं दूसरी ओर उपभोक्ताओं को सीधे खेत से थाली तक शुद्ध भोजन प्राप्त होगा।

उन्होंने बताया कि जैविक हाट का उद्देश्य केवल खरीद-फरोख्त नहीं, बल्कि आमजन को स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना भी है। विशेषज्ञों के अनुसार रासायनिक खाद एवं कीटनाशकों से मुक्त जैविक खाद्य पदार्थ न केवल अधिक स्वादिष्ट होते हैं, बल्कि शरीर की रोग-प्रतिरोधक क्षमता को भी बढ़ाते हैं। लगातार बढ़ती बीमारियों के दौर में जैविक सब्जियों का सेवन स्वास्थ्य के लिए एक सुरक्षित विकल्प माना जा रहा है।

Amaltas hospital dewas

जैविक सब्जी के सेवन से होने वाले फायदे-
जैविक सब्जियां बिना रासायनिक खाद और कीटनाशकों के प्राकृतिक तरीके से उगाई जाती हैं, जिससे उनका पोषण स्तर अधिक बना रहता है। इनके नियमित सेवन से शरीर को सुरक्षित आहार मिलता है। जैविक सब्जियां पाचन तंत्र को मजबूत बनाती हैं और शरीर की रोग-प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में सहायक होती हैं। इनमें मौजूद प्राकृतिक विटामिन और खनिज तत्व हृदय, मधुमेह और उच्च रक्तचाप जैसी बीमारियों के जोखिम को कम करने में मदद करते हैं।

विशेषज्ञों के अनुसार जैविक सब्जियां बच्चों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं के लिए अधिक सुरक्षित मानी जाती हैं। रसायन-मुक्त होने के कारण इनका स्वाद भी बेहतर होता है और लंबे समय तक सेवन करने से शरीर पर किसी प्रकार का दुष्प्रभाव नहीं पड़ता।

Back to top button