क्राइम

शादी रचाकर रचते थे ठगी का खेल! युवकों की जिंदगी से खेला गया छल

Share

 

थाना कमलापुर ने किया लुटेरी दुल्हन गिरोह का पर्दाफाश

देवास। रिश्ते की डोर में बंधने का सपना दिखाकर, सात फेरे लेकर और सुहागन बनकर घर बसाने का नाटक… फिर मौका मिलते ही लाखों रुपये लेकर फरार हो जाना ऐसे ही शातिर तरीके से काम करने वाले लुटेरी दुल्हन गिरोह का थाना कमलापुर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। यह गिरोह बाकायदा शादी कर युवकों को भरोसे में लेता था और कुछ ही दिनों में उन्हें ठगकर फरार हो जाता था। पुलिस की मुस्तैदी से इस सुनियोजित ठगी का खुलासा हुआ।

पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के निर्देशन में जिले में समाज विरोधी तत्वों, ठगी एवं अवैध रूप से धन अर्जन करने वाले गिरोहों के विरुद्ध “ऑपरेशन प्रहार” के अंतर्गत निरंतर सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में दिनांक 26 दिसंबर को फरियादी रवि जाटवा एवं सतीश डोरिया निवासी ग्राम बेड़ामऊ ने थाना कमलापुर आकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि 16 दिसंबर को मनीष चौबे निवासी जिला छिंदवाड़ा के माध्यम से उनकी शादी जटाशंकर मंदिर बागली में महिलाओं आरती मरकाम एवं सरिता परतेती से करवाई गई। शादी के नाम पर आरोपियों द्वारा नगद 3 लाख रुपए प्राप्त किए। 23 दिसंबर को दोनों तथाकथित दुल्हनें फरियादियों को खाने में नींद की गोलियां देकर नगद राशि एवं सोने का मंगलसूत्र लेकर चली गईं।

उक्त रिपोर्ट पर थाना कमलापुर में धारा 83, 318(3), 61(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। इस पर से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सौम्या जैन के मार्गदर्शन में अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) बागली सुश्री सृष्टि भार्गव के निर्देशन में थाना प्रभारी कमलापुर उप निरीक्षक सर्जन सिंह मीणा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम द्वारा तकनीकी साक्ष्य एवं मुखबिर सूचना के आधार पर जिला छिंदवाड़ा से इस संगठित लुटेरी दुल्हन गिरोह के 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई का जा रही है।

गिरफ्तार आरोपीगण-
1. मनीष उर्फ विक्की चौबे उम्र 42 वर्ष निवासी जिला छिंदवाड़ा।
2. अजय मरकाम उम्र 21 वर्ष निवासी जिला छिंदवाड़ा।
3. सरिता परतेती उम्र 27 वर्ष निवासी जिला छिंदवाड़ा।
4. आरती मरकाम उम्र 23 वर्ष निवासी जिला छिंदवाड़ा।
5. पार्वती उइके पति मुकेश पटेल उम्र 35 वर्ष निवासी जिला छिंदवाड़ा।

आपराधिक रिकॉर्ड- आरोपी मनीष चौबे के विरुद्ध पूर्व से ठगी, धोखाधड़ी एवं मारपीट के कुल 6 अपराध विभिन्न धाराओं में पंजीबद्ध पाए गए हैं।

जब्त माल-
• नगद राशि 1,95,000
• इंडिगो कार- अनुमानित कीमत 60,000
• सोने का पेंडल युक्त मंगलसूत्र- अनुमानित कीमत 40,000

तरीका वारदात- उक्त गिरोह अविवाहित पुरुषों को शादी का झांसा देकर उनसे मोटी रकम वसूलता था। गिरोह के सदस्य फर्जी नाम-पते बताकर विवाह कराते थे एवं योजनाबद्ध तरीके से महिलाओं को कुछ दिनों बाद घर से फरार होने के निर्देश दिए जाते थे।

सराहनीय भूमिका- उक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी कमलापुर उप निरीक्षक सर्जन सिंह मीणा, प्रआर राजेंद्र शर्मा, भगवती प्रसाद, अरुण आर्य, रायचंद, आर विवेक, दिलीप, अरुण वर्मा, मआर वंदना प्रजापति, जयबंती बट्टी, सुनीता, साइबर सेल टीम से प्रआर सचिन चौहान, शिव प्रताप सिंह एवं आर सोनू कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Back to top button