युवा संगम में मिला रोजगार का अवसर, 295 युवाओं का प्राथमिक चयन

देवास। जिला प्रशासन देवास एवं आयुक्त रोजगार के आदेशानुसार मल्हार स्मृति हाल में आयोजित युवा संगम रोजगार मेले में युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के बेहतर अवसर मिले। कार्यक्रम का शुभारंभ हेमंत दण्डोतिया (प्राचार्य, आईटीआई देवास) एवं किर्लोस्कर ब्रदर्स के एचआर मैनेजर द्वारा फीता काटकर किया गया।
युवा संगम के दौरान शासकीय विभागों द्वारा युवाओं को रोजगार-स्वरोजगार मार्गदर्शन प्रदान किया गया, साथ ही कैरियर काउंसलिंग के माध्यम से उनके भविष्य की दिशा तय करने में सहयोग किया गया। आयोजन में 149 आवेदकों का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया।

रोजगार मेले में युवाओं का उत्साह देखते ही बना। कुल 595 आवेदकों ने पंजीयन कराया, जबकि 30 निजी संस्थानों ने भाग लेकर विभिन्न पदों के लिए चयन प्रक्रिया की। मेले की सबसे बड़ी उपलब्धि यह रही कि विभिन्न कंपनियों द्वारा 295 आवेदकों का नौकरी हेतु प्राथमिक चयन किया गया।
इस अवसर पर विजेन्द्र बिजौलिया (प्रभारी जिला रोजगार अधिकारी), श्री डामोर (उद्योग विभाग), रीना भगोर (एनआरएलएम), बुलबुल काजी (स्वास्थ्य अधिकारी, देवास), राजेश राठौर सहित अनेक अधिकारी व प्रतिनिधि उपस्थित रहे।




