बूथ स्तर पर पहुंचकर मतदाताओं को जागरूक करें पार्टी कार्यकर्ता- हितानंद जी

– प्रदेश संगठन महामंत्री ने एसआईआर को लेकर भाजपा कार्यालय में बैठक को किया संबोधित
देवास। भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंदजी ने रविवार को भाजपा कार्यालय में एसआईआर को लेकर बैठक को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि एसआईआर अभियान मतदाता सूची को स्वच्छ, शुद्ध एवं विश्वसनीय बनाने का माध्यम है। कोई भी वास्तविक मतदाता सूची से वंचित न रह जाए।
भाजपा कार्यकर्ता इस संबंध में बूथ स्तर पर पहुंचकर जन-जन को जागरूक करें। बैठक के दौरान समीक्षा की गई, जिसमें अभी तक देवास जिला 58 प्रतिशत पर है। इस कार्य को गति से करने हेतु कहा गया।
यह अभियान लोकतंत्र की सुरक्षा के लिए –
उन्होंने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया लोकतंत्र की सुरक्षा और पारदर्शिता सुनिश्चित करने वाला अत्यंत महत्वपूर्ण अभियान है। पार्टी कार्यकर्ता पूरी निष्ठा के साथ इस अभियान को सफल बनाने में जुट़ जाएं। भाजपा कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि वे एसआईआर की इस प्रक्रिया को पूर्ण पारदर्शिता और संकल्प के साथ सफल बनाएं।
उन्होंने कहा कि बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता से मतदाता सूची का शुद्धिकरण अभियान निश्चित रूप से सफल होगा और लोकतंत्र की जड़ें और अधिक मजबूत होंगी। उन्होंने कहा कि यह अभियान 4 दिसंबर तक चलेगा और इस दौरान सभी कार्यकर्ताओं को पूरी निष्ठा और तत्परता के साथ कार्य करना है।
मतदाताओं की मदद करें कार्यकर्ता-
भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री ने कहा कि सभी कार्यकर्ता एसआईआर अभियान में सक्रिय सहभागिता करें और मतदाताओं की पूरी मदद करें। पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्र के बूथ स्तर तक पहुंचकर यह सुनिश्चित करे कि पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में सही तरीके से जुड़ें। 18 वर्ष आयु पूरी कर चुके युवाओं तथा विवाह के बाद परिवार में शामिल नए सदस्यों के नाम सूची में जुड़ जाएं।
इस पूरी प्रक्रिया के दौरान किसी भी वास्तविक व पात्र मतदाता को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इस पर विशेष ध्यान दिया जाए। बाहरी मतदाताओं को लेकर सतर्क रहें और यदि ऐसे मतदाता पाए जाते हैं, जिनके नाम एक से अधिक स्थानों पर दर्ज हैं, तो इस पर आपत्ति दर्ज कराएं। उन्होंने कहा कि यह मतदाता सूची के शुद्धिकरण का अभियान है।
बैठक में प्रमुख रूप से भाजपा जिला अध्यक्ष रायसिंह सेंधव, विधायक राजेश सोनकर, मुरली भंवरा, पूर्व जिला अध्यक्ष बहादुर मुकाती, राजीव खंडेलवाल, महापौर गीता दुग्रेश अग्रवाल, सभापति रवि जैन, जिला पंचायत अध्यक्ष लीला अटारिया उपस्थित रहे। उक्त जानकारी भाजपा जिला मीडिया प्रभारी कमल अहिरवार ने दी। बैठक का संचालन जिला महामंत्री मनीष सोलंकी ने किया। आभार राजेश यादव ने माना।




