शिक्षा

फतेहपुर खेड़ा की अंजली सोलंकी ने किया कमाल

Share

पहाड़ा प्रतियोगिता में जिले में जीता स्थान, मिली 10 हजार की पुरस्कार राशि

देवास। मेहनत और लगन हो तो सफलता खुद रास्ता बना लेती है। इस कहावत को सच कर दिखाया शासकीय प्राथमिक विद्यालय फतेहपुर खेड़ा की होनहार छात्रा अंजली सोलंकी ने।
कलेक्टर द्वारा जून माह में आयोजित 25 तक पहाड़ा सुनाओ प्रतियोगिता में अंजली ने शानदार प्रदर्शन कर जिले के टॉप 25 बच्चों में जगह बनाई और 10 हजार रुपए की पुरस्कार राशि हासिल की। यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे विद्यालय और क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है।

प्रधान अध्यापक हुकमसिंह चावड़ा ने बताया, कि प्रतियोगिता तीन चरणों में हुई थी। पहले चरण में प्रत्येक संकुल से 3 बच्चे चुने गए, दूसरे चरण में ब्लॉक स्तर पर 18 में से 10 बच्चे सिलेक्ट हुए और तीसरे चरण में जिलेभर के 6 ब्लॉकों के कुल 60 बच्चों में से 25 का चयन हुआ। इन्हीं 25 में अंजली सोलंकी ने अपना स्थान पक्का किया।

विशेष बात यह रही, कि अंजली ने केवल 2 मिनट 35 सेकंड में 25 तक के सभी पहाड़े सही-सही सुनाकर निर्णायक मंडल को प्रभावित कर दिया। उनकी इस अद्भुत स्मरण शक्ति और आत्मविश्वास ने सभी को मंत्रमुग्ध किया।

प्रधान अध्यापक श्री चावड़ा और शिक्षिका जानकी पवार ने छात्रा की सफलता पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा, कि यह उपलब्धि पूरे विद्यालय की मेहनत, बच्चों के प्रति समर्पण और अनुशासित वातावरण का परिणाम है। उन्होंने अंजली के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह सफलता अन्य विद्यार्थियों को भी प्रेरणा देगी।

शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने भी अंजली की इस उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा, कि यदि बच्चों को सही मार्गदर्शन और प्रोत्साहन मिले तो वे हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं।

Back to top button