प्रशासनिक

त्योहारों से पहले खाद्य सामग्री की सख्त जांच, मिठाई से लेकर दाल-चावल तक के नमूने लिए

Share

 

देवास। जिले में मिलावट पर लगाम लगाने और त्योहारों पर नागरिकों को शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने सघन जांच अभियान चलाया।

देवास, खातेगांव और कन्नौद क्षेत्र की डेयरियों, मिठाई दुकानों और होटलों से विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर राज्य स्तरीय प्रयोगशाला भोपाल भेजे गए हैं। निरीक्षण और सैंपलिंग की यह कार्रवाई आगामी दिनों में भी जारी रहेगी।

कलेक्‍टर ऋतुराज सिंह के निर्देशानुसार खाद्य एवं औषधि प्रशासन द्वारा खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम अंतर्गत कार्यवाही की जा रही है। इसी कड़ी में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी देवास सुरेन्द्र ठाकुर द्वारा नवीन मिल्क प्रोडक्ट्स से मावा बाटी, मावा एवं मिल्क केक, श्री सिद्धि विनायक रेस्टोरेंट देवास से मावा बाटी, मलाई बर्फी, जोधपुर स्वीट्स मेंढकी चौराहा देवास से मलाई बर्फी एवं गिरीश सहानी से रजवाड़ी स्वीट्स एवं ग्वाल हलवा (मिल्क केक) के नमूने लिए गए। सभी दुकान संचालकों को साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने एवं फ्रेश व ताजी मिठाई विक्रय करने के निर्देश दिए गए।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश वास्केल ने मेवाड़ा डेयरी खातेगांव से मावा, बाबूजी दूध डेयरी खातेगांव से मावा, घी एवं पनीर, दिलखुश स्वीट्स खातेगांव से मिल्क केक, मावा एवं मावा कतली, राजस्थान स्वीट्स एवं कार्नर खातेगांव से मावा कतली एवं मिल्क केक, राजस्थान मिष्ठान भंडार से मावा कतली एवं बंगाली स्वीट्स के नमूने लिए।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी हिमाली सोनपाटकी ने यादव दूध डेयरी एवं मावा भंडार कन्नौद से दही, दूध एवं मावा, शीतलामाता दूध डेयरी कन्नौद से दूध, दही, मधुरम स्वीट्स कन्नौद से मिल्क केक, चॉकलेट पेड़ा, गाठिया एवं सेंव, होटल रामरतन पैलेस कन्नौद से पनीर, बेसन, आटा, तुअर दाल, मैदा एवं चावल के नमूने लिए। सभी नमूने जांच हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भोपाल भेजे गए हैं। आगामी त्योहारों को देखते हुए जिले में निरीक्षण एवं नमूना संग्रहण की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

Back to top button