सुखद वर्षा की कामना हेतु कांगरिया महादेव पर हुआ विशेष अनुष्ठान

60 गांवों के श्रद्धालुओं ने ऊंची पहाड़ी पर की पूजा-अर्चना, राजपरिवार और ग्राम प्रमुख भी रहे उपस्थित
बेहरी (हीरालाल गोस्वामी)। क्षेत्र में सुखद और पर्याप्त वर्षा की कामना को लेकर मंगलवार को कांगरिया महादेव मंदिर पर पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। मालवा अंचल के सबसे ऊंचे पर्वतीय स्थल, ओटला मंदिर (कांगरिया महादेव) पर आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में लगभग 60 गांवों के श्रद्धालु शामिल हुए।
परंपरागत मान्यता के अनुसार जब भी क्षेत्र में वर्षा की कमी या मानसून की धीमी सक्रियता देखी जाती है, तब गांवों के पटेल परिवारों के सदस्य तथा राजघराने के प्रतिनिधि यहां पूजा करने आते हैं। यह वर्षों पुरानी परंपरा आज भी जीवंत है।
इस अवसर पर बेहरी के शुभम पटेल परिवार और बागली के राजपरिवार से कुंवर राघवेंद्र सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। इनके साथ अमरपुरा, लखवाड़ा, बीजूखेड़ा, छतरपुरा, उदयनगर, मगरादेह, नयापुरा, बागली, अंबापानी, सालखेतिया, डांगराखेड़ा, पंजरिया, रामपुर सहित अनेक गांवों के सैकड़ों श्रद्धालु पूजा में सम्मिलित हुए।
श्रद्धालुओं ने पर्वतीय क्षेत्र में स्थित धावड़िया गादी पर भी पूजा-अर्चना की। दुर्गम मार्ग के बावजूद महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे बड़ी श्रद्धा से इस आयोजन में शामिल हुए। पूजा के दौरान भजन-कीर्तन, भगवान के जयकारे और धार्मिक नारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
पूजा उपरांत धावड़िया गादी पर आरती कर भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। यहां पर निवास कर रहे संत भगवान दास ने सभी श्रद्धालुओं का चाय व खिचड़ी से आत्मीय स्वागत किया।
गांववासियों का विश्वास है कि इस पारंपरिक पूजा के बाद क्षेत्र में निश्चित ही संतोषजनक और सुखद वर्षा होगी। शाम तक चलने वाली इस पूजा में ग्रामीणों की गहरी आस्था और सहभागिता देखने को मिली।




