इंदौर। नवरात्रि महापर्व पर शहर में भक्तिभाव और आस्था से ओतप्रोत वातावरण देखने को मिल रहा है। राघव शर्मा मित्र मंडल के तत्वावधान में चुनरी यात्रा का आयोजन किया गया। इस चुनरी यात्रा में सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए और माता रानी के जयकारों से पूरा मार्ग गुंजायमान हो उठा।

यात्रा नेहरू नगर से प्रारंभ होकर बड़ी श्रद्धा और उल्लास के साथ जीण माता मंदिर, पाटनीपुरा तक पहुंची। इस दौरान डीजे पर भक्ति गीतों और ढोल-नगाड़ों की धुन पर भक्त झूमते-नाचते नजर आए। जगह-जगह पर चुनरी यात्रा का स्वागत किया गया और श्रद्धालुओं को प्रसादी भी वितरित की गई।

यात्रा के जीण माता मंदिर पहुंचने पर मां को 51 फीट लंबी चुनरी अर्पित की गई। चुनरी चढ़ाने के बाद श्रद्धालुओं ने विधिवत पूजा-अर्चना कर माता रानी का आशीर्वाद लिया। यात्रा में महिलाएं व पुरुष भक्ति गीतों पर नृत्य करते हुए माता के जयकारे लगा रहे थे।
इस अवसर पर मंडल के पदाधिकारियों ने बताया कि यह चुनरी यात्रा नवरात्रि के पावन पर्व पर निकाली जाती है और इसका उद्देश्य समाज में धार्मिक आस्था को बढ़ावा देना एवं सभी को एक सूत्र में पिरोना है।





