खेत-खलियान

अव्यवस्था पर भारतीय किसान संघ के प्रतिनिधि मंडल ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

Share

 

– तुलाई केंद्रों पर कांटे बढ़ाने की मांग, अन्य समस्याओं पर भी की चर्चा

देवास। गेहूं तुलाई केंद्रों पर अव्यवस्था व अन्य समस्याओं को लेकर भारतीय किसान संघ के प्रतिनिधि मंडल ने एसडीएम अभिषेक शर्मा से मुलाकात कर समस्याओं को विस्तार से रखा और जल्द समाधान की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा।

भारतीय किसान संघ के जिला मंत्री शेखर पटेल ने कहा, कि जिले के कई वेयरहाउसों पर केवल 1 से 2 कांटे (वजन मशीन) ही संचालित हो रहे हैं, जिसके कारण तुलाई की गति बेहद धीमी है। परिणामस्वरूप किसानों को दो-तीन दिनों तक रुकना पड़ रहा है। तेज गर्मी और लू के बीच यह स्थिति किसानों के स्वास्थ्य और आर्थिक स्थिति दोनों पर असर डाल रही है। संघ ने मांग की कि प्रत्येक तुलाई केंद्र पर कम से कम 4 से 5 कांटों की व्यवस्था की जाए, ताकि प्रक्रिया तेज हो सके।

https://newsoneclick.com/?p=45294 👈 डेयरी फार्मिंग से कमाई कैसे करें, अच्छा मुनाफा कमाने के आसान तरीके

इसके साथ ही किसानों ने वेयरहाउसों पर हो रही कथित अनियमितताओं को भी उजागर किया। उनका आरोप है कि गेहूं में हल्की मिट्टी या टूटे दाने मिलने पर मनमाने तरीके से कटौती की जा रही है, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

एक अन्य महत्वपूर्ण मुद्दा जमीन से जुड़े कार्यों का भी उठाया गया। किसानों ने बताया कि अपनी ही जमीन का नामांतरण, नक्शा दुरस्तीकरण या माप करवाने के लिए महीनों तक इंतजार करना पड़ता है। कई बार आवेदन के बाद भी समय पर नंबर नहीं आता। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि इन सभी प्रक्रियाओं को समय सीमा में पूरा किया जाए, ताकि किसानों को अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें।

https://newsoneclick.com/?p=45091 👈 इंदौर की किसान दीदी पपीता रावत बनी मिसाल, 600 बीघा खेत में पराली जलाने से रोका

जिला मंत्री श्री पटेल ने एक गंभीर तकनीकी समस्या की ओर भी ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने बताया कि सैटेलाइट सिस्टम के आधार पर गेहूं की नरवाई जलाने के आरोप में किसानों पर एफआईआर दर्ज की जा रही है, जबकि उसी सैटेलाइट डेटा में यह भी दिख रहा है कि संबंधित किसान ने गेहूं की बुवाई ही नहीं की, बल्कि चना बोया है। ऐसे विरोधाभासी मामलों में किसानों पर गलत तरीके से एफआईआर हुई है। उन्होंने मांग की कि ऐसे सभी मामलों की जांच कर तत्काल प्रभाव से एफआईआर निरस्त की जाए।

किसान संघ ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं किया गया, तो आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होंगे। ज्ञापन सौंपने के समय जिला मंत्री श्री पटेल, बरोठा तहसील अध्यक्ष ईश्वरलाल पटेल, छोटा टिगरिया ग्राम समिति अध्यक्ष डॉ. विष्णु प्रसाद पटेल और नारायणगढ़ ग्राम समिति अध्यक्ष विनोद पटेल सहित अन्य किसान प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Back to top button