धर्म-अध्यात्म

Hanuman jayanti: क्षेत्र के मंदिरों में होंगे अनुष्ठान और भंडारे

Share

 

बेहरी (हीरालाल गोस्वामी)। हनुमान जयंती के पावन अवसर पर पूरे क्षेत्र में धार्मिक उल्लास और आस्था का विशेष वातावरण देखने को मिलेगा। क्षेत्र के प्रसिद्ध हनुमान मंदिरों में विशेष धार्मिक अनुष्ठानों की तैयारियां जोरो पर हैं।

इनमें भोमियाजी हनुमान मंदिर, खेड़ापति हनुमान मंदिर बेहरी, रामपुर चौराहा स्थित वीर हनुमान मंदिर, राजगढ़ का चमत्कारी हनुमान मंदिर, और सबलगढ़ का चकाचक हनुमान मंदिर प्रमुख रूप से शामिल हैं।

इन मंदिरों में यज्ञ-हवन, रामायण पाठ, सुंदरकांड पाठ, भजन संध्या, रुद्राभिषेक जैसे आयोजन होंगे। श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या में सहभागिता की उम्मीद की जा रही है।

40 दिवसीय रामायण पाठ की होगी पूर्णाहुति-
बेहरी-बागली मार्ग पर स्थित भोमियाजी हनुमान मंदिर में हनुमान जयंती के दिन 40 दिवसीय अखंड रामायण पाठ का समापन होगा। मंदिर के पुजारी विद्याधर वैष्णव ने जानकारी दी कि इस दिन विशेष पूजन के साथ सवा क्विंटल चने व चिरौंजी से महाप्रसाद का भोग अर्पित किया जाएगा। इसके पश्चात भंडारे का आयोजन होगा, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं के भाग लेने की संभावना है।

खेड़ापति हनुमान मंदिर का नवीनीकरण-
बेहरी का प्राचीन खेड़ापति हनुमान मंदिर पिछले तीन वर्षों से पुनर्निर्माण की प्रक्रिया में है। ग्रामीणों और श्रद्धालुओं के सहयोग से करीब दो करोड़ रुपए की लागत से भव्य मंदिर का निर्माण किया जा रहा है। अब तक करीब 80 लाख रुपए खर्च किए जा चुके हैं और मंदिर का आधा से अधिक निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है। मंदिर निर्माण में ग्रामीणों का निःस्वार्थ सहयोग और श्रमदान सराहनीय है। उनका मानना है, कि जब तक मंदिर पूरी तरह तैयार नहीं हो जाता, तब तक वे तन-मन-धन से सेवा करते रहेंगे। मंदिर में पिछले 15 दिनों से चल रहे अखंड रामायण पाठ का समापन हनुमान जयंती पर होगा, जिसके साथ विशेष अनुष्ठानों और प्रसाद वितरण की भी होगा।

श्रद्धालुओं में उत्साह-
हनुमान जयंती को लेकर ग्रामीणों और श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है। हर मंदिर में भव्य सजावट, दीपमालिका, और धार्मिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की जा चुकी है। बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं सहित हर वर्ग के लोग अपनी भागीदारी निभा रहे हैं।

Back to top button