– मणिपुर के इम्फाल में 68वीं राष्ट्रीय स्कूल गेम्स प्रतियोगिता, क्षिप्रा की पूर्णा उपाध्याय ने चौथा स्थान प्राप्त किया
देवास। शहर की होनहार बेटी हंसिका राठौर ने मणिपुर के इम्फाल में आयोजित 68वीं राष्ट्रीय स्कूल गेम्स थागता प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर सिल्वर मेडल अपने नाम किया है। यह प्रतियोगिता 7 से 12 अप्रैल 2025 तक आयोजित की जा रही है, जिसमें देशभर से खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।
अंडर-14 आयु वर्ग और 53 किलोग्राम से कम वजन श्रेणी में देवास जिले से हंसिका राठौर ने दमदार खेल दिखाते हुए सिल्वर मेडल जीता, जबकि उसी श्रेणी में पूर्णा उपाध्याय (क्षिप्रा) ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए चौथा स्थान प्राप्त किया।
इस शानदार उपलब्धि पर शहरवासियों में हर्ष की लहर है। दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल, जहां से हंसिका अध्ययनरत हैं, के प्राचार्य इंद्रनील बनर्जी, कोऑर्डिनेटर हेड सपना मैडम, संकुल प्राचार्य राजीव सूर्यवंशी, ग्राम क्षिप्रा के सरपंच विश्वास उपाध्याय, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के ब्लॉक विकासखंड अधिकारी युनुस खान, कमल पटेल, जितेंद्र नगर, अशोक सिंह गौड़, भावेश नीम आदि ने खिलाड़ियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
टीम के कोच राजीव चौहान ने जानकारी देते हुए बताया, कि हंसिका और पूर्णा दोनों ने प्रतियोगिता में कठिन मुकाबलों के बीच आत्मविश्वास और कौशल का परिचय दिया। यह सफलता उनकी निरंतर मेहनत, समर्पण और स्कूल व कोचिंग सपोर्ट का परिणाम है।
ग्रामीण युवा केंद्र खेल प्रभारी राजेश बराना प्रजापति ने कहा कि इस उपलब्धि के साथ न केवल देवास जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन हुआ है, बल्कि मध्य प्रदेश को भी गौरव महसूस हुआ है। उम्मीद है कि ये खिलाड़ी भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगी।