गुंडागर्दी कर अवैध वसूली के लिए लाठी-डंडों से मारपीट करने वाले गिरफ्तार

फरियादी को कहते हुए धमकाया कि एटीएम वाली गली हमारा इलाका है, यहां से गुजरने के लिए पैसे देने होंगे
देवास। शहर में एक बार फिर पुलिस की तत्परता और सख्त कार्रवाई सामने आई, जब इलाके में दबंगई दिखाकर अवैध वसूली और मारपीट की वारदात को अंजाम देने वाले पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। घटना के बाद पुलिस ने विशेष टीम बनाकर तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया।
पुलिस के अनुसार 5 अगस्त को फरियादी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 4 अगस्त की रात्रि लगभग 10:30 बजे बालगढ़ चौराहे पर वह और उसका मित्र अभिषेक मंडल मौजूद थे, तभी मोहित चौधरी, कुलदीप चौधरी, हिमांशु नागवंशी, रितेश चौधरी, मोहित जैन एवं मनीष शर्मा ने उन्हें रोका और धमकी दी कि बालगढ़ एटीएम वाली गली उनका इलाका है, वहां से गुजरने के लिए पैसे देने होंगे। साथ ही शराब पीने के लिए 1000 रुपए की मांग की। विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज की, लाठी-डंडों से मारपीट की, मोटरसाइकिल में तोड़फोड़ की और जान से मारने की धमकी दी।
फरियादी की रिपोर्ट पर थाना औद्योगिक क्षेत्र में धारा 296, 115(2), 351(3), 119(1), 324(5), 3(5) बीएनएस का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक देवास पुनीत गेहलोद द्वारा तत्काल आरोपी की गिरफ्तारी हेतु निर्देश जारी किए गया। जिस पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीरसिंह भदौरिया एवं नगर पुलिस अधीक्षक सुमित अग्रवाल के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक शशिकांत चौरसिया के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। गठित टीम द्वारा तकनीकी, भौतिक साक्ष्य एवं मुखबिर तंत्र सक्रिय कर बुधवार को 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
गिरफ्तार आरोपी के नाम-
– कुलदीप उर्फ लल्ला चौधरी उम्र 21 वर्ष निवासी चूना खदान बालगढ़ देवास।
– मोहित चौधरी उम्र 20 वर्ष निवासी बालगढ़ देवास।
– रितेश उर्फ दीपक चौधरी उम्र 23 वर्ष निवासी चूना खदान बालगढ़ देवास।
– मोहित जैन उम्र 28 वर्ष निवासी सुतार बाखल देवास।
– मनीष शर्मा उम्र 23 वर्ष निवासी अष्ट विनायक कॉलोनी बालगढ़ देवास।
सराहनीय कार्य- थाना प्रभारी थाना औद्योगिक क्षेत्र निरीक्षक शशिकान्त चौरसिया, उनि प्रवीण राठौर, आर अजय जाट, यशपाल, मोनिका शर्मा की सराहनीय भूमिका रही।




