जिलाबदर आदेश का उल्लंघन कर जिले की सीमा में प्रवेश करने वाले बदमाश को गिरफ्तार कर भेजा जेल

ऑपरेशन पवित्र के तहत देवास पुलिस की बड़ी कार्रवाई
देवास। जिला पुलिस द्वारा जारी “ऑपरेशन पवित्र” के अंतर्गत जिलाबदर आदेश द्वारा निश्चित समयावधि हेतु ज़िले की सीमा से बाहर किए जाने हेतु आदेशित किए गए बदमाशों के मूवमेंट पर पैनी नजर रखी जा रही है एवं जिले की सीमा में पाए जाने पर तत्काल गिरफ्तार कर जेल भेजा जा रहा है।
इसी अनुक्रम में थाना सिविल लाइन को मुखबिर से पुख्ता सूचना प्राप्त हुई थी कि थाना क्षेत्र का जिलाबदर आरोपी नावेद उर्फ गोलू भांजा पिता जाहिद खान उम्र 20 साल निवासी अर्जुन नगर काकड़ को ज़िले की सीमा के भीतर देखा गया है। जिस पर इंचार्ज थाना प्रभारी सिविल लाइन राकेश बौरासी ने तत्काल टीम बनाकर बताए स्थान पर दबिश दी एवं बदमाश को अपनी अभिरक्षा में लेकर जिलाबदर आदेश की शर्तों का उल्लंघन करने पर थाना सिविल लाइन पर धारा 14,15 म.प्र.राज्य सुरक्षा अधिनियम 223 बीएनएस के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर जेल भेजा गया।
पुलिस अधीक्षक देवास पुनीत गेहलोद ने बताया, कि जिला पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि जो व्यक्ति जिलाबदर है वह जिलाबदर आदेशों का पालन करें व जिले की सीमा मे प्रवेश ना करें। उल्लंघन पाए जाने पर उन्हें तत्काल गिरफ्तार किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि 1 नवम्बर 2024 से प्रारंभ “ऑपरेशन पवित्र” के तहत आज दिनांक तक कुल 8 अनावेदक के विरुद्ध जिलाबदर का उल्लंघन किए जाने पर धारा-14,15 मप्र राज्य सुरक्षा अधिनियम 1990 का अपराध पंजीबद्ध कर उन्हें जेल भेजा गया है।




