• Wed. Aug 13th, 2025

    अनुभूति कैंप में प्रकृति के संरक्षण में सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग बंद

    ByNews Desk

    Nov 23, 2022
    Share

    देवास। वन परिक्षेत्र देवास में मध्यप्रदेश इको टूरिज्म बोर्ड के माध्यम से अनुभूति कार्यक्रम का आयोजन दौलतपुर रेस्ट हाऊस में किया गया। वन परिक्षेत्र अधिकारी डीएस चौहान ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना से किया गया। मुख्य अतिथि ग्रामीण मंडल अध्यक्ष सोनकच्छ हरेनसिंह सेंधव थे।

    विद्यार्थियों को अनुभूति कैंप के उद्देश्य एवं वनों के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को टी-शर्ट, कैप एवं पुस्तक का वितरण किया गया। वनों में ट्रैकिंग रूट पर घुमाया गया। इस दौरान रूट पर आने वाले कक्षों, वन्यप्राणियों के पदचिन्ह, बिष्ट एवं औषधीय पौधों की जानकारी दी गई। वन विभाग द्वारा वनों के विकास, संरक्षण, भूजल संरक्षण की संरचना, रोपित पौधे एवं नर्सरी में तैयार किए जाने वाले पौधों की तकनीकी जानकारी दी गई। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने रोचक प्रश्न किए कि खिवनी अभ्यारण्य में वन्यप्राणी का संरक्षण किस प्रकार किया जाता है, क्या हम वहां घूमने जा सकते हैं। कार्यक्रम में उपस्थित मास्टर ट्रेनर एके श्रीवास्तव ने प्लास्टिक के उपयोग से पर्यावरण में दुष्प्रभाव तथा इसकी रोकथाम के बारे में जानकारी दी गई। प्रेमनाथ तिवारी ने विलुप्त होते पौधे एवं वन्यप्राणियों के संरक्षण तथा जैवविविधता की जानकारी दी।

    सोर्या खरे प्रशिक्षु वनपाल ने चार्ट के माध्यम से विद्यार्थियों को वन मंडल देवास में पाए जाने वाले वृक्ष, वन्यप्राणी, पक्षी सरीसृप, औषधीय पौधों की उपलब्धता, उपयोगिता के बारे में जानकारी देकर उनका परिचय कराया।

    कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण भोजन उपरांत सिंगल यूज प्लास्टिक का पूरी तरह से उपयोग अनुभूति कैंप में बंद किया गया। विद्यार्थियों ने स्टील के बर्तन, प्लेट, चम्मच, ग्लास का उपयोग कर भोजन किया। उप वन मंडल अधिकारी एके शुक्ला ने वन विभाग के कर्मचारियों एवं अधिकारियों के पद एवं उनके कर्तव्यों के बारे में जानकारी दी गई।

    कार्यक्रम में सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें प्रथम पुरस्कार सुमित पिता राजकुमार, द्वितीय पुरस्कार सलोनी एवं तृतीय पुरस्कार यशराज पिता धीरजसिंह को मिला। विशेष पुरस्कार रघुवीरसिंह पिता सैंधव सिंह को मिला। कार्यक्रम में गुरुकूल विद्यालय एवं शासकीय हाईस्कूल अगेरा के बच्चों ने भाग लिया।

    पुरस्कार वितरण मंडल अध्यक्ष हरेनसिंह सैंधव, उपवन मंडल अधिकारी एके शुक्ला एवं सेवानिवृत्त एसडीओ एके श्रीवास्तव के हाथों दिया गया। कार्यक्रम में डिप्टी रेंजर सोबालसिंह भाटी, राजेंद्रसिंह ठाकुर, राजेंद्र वर्मा वनरक्षक, रवींद्र सोनी, प्रीतमसिंह बघेल, सतीश शर्मा, गोपाल सिंह, श्याम शर्मा का विशेष सहयोग रहा। आभार डीएस चौहान वन परिक्षेत्र अधिकारी ने माना।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *