क्राइम

हिंदूवादी संगठनों ने बायपास पर किया चक्काजाम

– सिल्वर पार्क मल्हार क्षेत्र में हुए विवाद ने लिया बड़ा रूप
देवास। गत दिवस शहर के सिल्वर पार्क कॉलोनी में हुए घटनाक्रम ने बड़ा रूप ले लिया है। औद्योगिक थाना पुलिस ने एक पक्ष की शिकायत पर आठ लोगों पर प्रकरण दर्ज किया था। मामले में सुबह बड़ी संख्या में हिंदूवादी संगठनों ने थाने का घेराव किया और दूसरे पर पक्ष पर कार्रवाई की मांग करते हुए ज्ञापन दिया। पुलिस ने तीन लोगों पर प्रकरण दर्ज किया, लेकिन धारा बढ़ाने की मांग करते हुए हिंदूवादी संगठन ने शुक्रवार शाम को रसूलपुर बायपास पर चक्काजाम कर दिया। कार्यकर्ताओं के सड़क पर जमा होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
शाम को बड़ी संख्या में कार्यकर्ता बायपास पर एकत्रित हो गए और सड़कों पर बैठ गए। कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। कार्यकर्ताआें के सड़क पर जमा होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई। वाहनों की यह कतार कुछ ही देर में लगभग पांच किमी दूर तक पहुंच गई। इधर पुलिस प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे, लेकिन कार्यकर्ता धारा 307 बढ़ाने की मांग करते रहे। करीब डेढ़ घंटे से अधिक चक्काजाम में दोनों ओर बड़ी संख्या में वाहन अटके रहे। एक पीड़ित महिला का पुलिस अधिकारियों से बहस का वीडियो भी वॉयरल हो रहा है। वह अपने बच्चों के साथ जाम में फंसी थी। बाद में एसपी संपत उपाध्याय सहित अन्य अधिकारियों की समझाइश व कार्रवाई के आश्वासन के बाद चक्काजाम खोल दिया गया। इधर विधायक गायत्री राजे पवार ने भी मामले को गंभीरता से लिया है। उन्होंने एसपी ऑफिस पहुंचकर एसपी से जानकारी ली। देवास में शांति-सद्भाव की उन्होंने बात कही। एसपी संपत उपाध्याय ने मामले में कहा कि पुलिस प्रशासन नियमों के अनुसार कार्रवाई कर रहा है।
गौरतलब है कि एक दिन पूर्व सिल्वर पार्क कॉलोनी क्षेत्र में एक महिला पर कमेंट्स करने को लेकर विवाद हुआ था। सूचना पर शहर काजी अबुल कलाम भी पहुंचे थे। शहर काजी ने कुछ युवकों पर चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया था। मामले में पुलिस प्रकरण दर्ज कराने के लिए बड़ी संख्या में मुस्लिम समाजजन औद्योगिक थाना पहुंचे, जहां पुलिस ने मामले में एक पक्ष की ओर से 8 लोगों पर धारा 354, 509 में प्रकरण दर्ज किया था। इधर जिन युवकों से मारपीट हुई थी, उन्होंने भी तीन लोगों पर प्रकरण दर्ज कराया।
गुरुवार को हुए घटनाक्रम के बाद सिल्वर कॉलोनी मल्हार क्षेत्र में कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा भय का माहौल निर्मित करने पर शुक्रवार को हिंदू संगठन के लोग औद्योगिक थाने पहुंचे व नारेबाजी करते हुए आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए एएसपी को ज्ञापन सौंपा। रहवासियों ने पुलिस को जानकारी देते हुए बताया कि कल घटना के दौरान फायरिंग भी की गई थी। इस मामले में जांच कर संबंधित पर प्रकरण दर्ज किया जाए। यह भी बताया कि पुलिस ने कई बेकसूरों को आरोपी बनाया है, उन्हें इस प्रकरण से बाहर किया जाए। पुलिस ने मामले में कार्रवाई का आश्वासन दिया। क्षेत्र के पूर्व पार्षद अर्जुन चौधरी ने बताया कि शहर काजी ने छेड़छाड़ के मामले में प्रकरण दर्ज करवाया था। यहां के लोगों का कहना है कि गाेलियां भी चलाई गई। तीन-चार लड़कों का तो अपहरण कर ले जाने का प्रयास भी किया गया। हमारा कहना है कि जो आपराधिक किस्म के लोग है, उन पर कार्रवाई की जाए।

Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button