शिक्षा

कन्या स्कूल में पहुंचा मुस्कान अभियान, बालिकाओं ने सुनी सुरक्षा से जुड़ी अहम बातें

Share
  • पुलिस ने बताया कैसे खुद बनें अपनी ढाल, बालिकाओं ने जाना कैसे रोकें अपराध और कैसे मांगे मदद

बरोठा (अमर चौधरी)। पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा चलाए जा रहे 1 से 30 नवंबर तक के विशेष ‘मुस्कान अभियान’ के तहत थाना बरोठा ने बालिकाओं को सुरक्षा, अधिकार और जागरूकता की मजबूत सीख देने की पहल की। इसी क्रम में शासकीय कन्या हाईस्कूल बरोठा में एक विशेष जागरूकता सत्र आयोजित किया गया, जिसमें छात्राओं को उन विषयों पर जानकारी दी गई जिनका सीधा संबंध उनकी सुरक्षा और भविष्य से है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) एवं उप पुलिस अधीक्षक एलआर देवास के मार्गदर्शन में सहायक उप निरीक्षक शारदा ठाकुर ने बालिकाओं को बाल विवाह की पहचान और उससे होने वाले दुष्परिणाम, पॉक्सो एक्ट की मुख्य बातें, तथा महिलाओं के विरुद्ध होने वाले विभिन्न अपराधों से बचाव के तरीकों पर महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने यह भी समझाया कि ऐसे मामलों में त्वरित मदद पाने के लिए महिला हेल्पलाइन 1090, डायल 112 और अन्य जरूरी नंबर किस तरह जीवन रक्षक साबित हो सकते हैं।

सत्र के दौरान छात्राओं को बताया गया कि किसी भी प्रकार की असुरक्षा या अनैतिक दबाव की स्थिति में चुप रहना समस्या को बढ़ाता है, जबकि समय पर शिकायत करना उन्हें सुरक्षित रखता है। बालिकाओं ने भी विभिन्न सवाल पूछकर सक्रिय भागीदारी दिखाई।

कार्यक्रम में स्कूल स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। बरोठा पुलिस की इस पहल को स्कूल प्रबंधन ने एक प्रभावी और अत्यंत आवश्यक कदम बताते हुए सराहा।

Back to top button