गोरवा गांव में राम नाम अमृतवाणी सत्संग 1 मई को, भजन-प्रवचन के साथ होगा भंडारा

टोंकखुर्द (विजेंद्रसिंह ठाकुर)। मध्यप्रदेश के टोंकखुर्द क्षेत्र के ग्राम गोरवा में धार्मिक माहौल के बीच राम नाम अमृतवाणी सत्संग, भजन एवं प्रवचन का आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है।
तहसील के अंतर्गत आने वाले ग्राम गोरवा में 1 मई को सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक राम नाम अमृतवाणी सत्संग, भजन एवं प्रवचन का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में Dewas स्थित श्री राम शरणम् से पधारे इंद्रसिंह नागर द्वारा अपने मुखारविंद से अमृतवाणी भजन एवं प्रवचन प्रस्तुत किए जाएंगे, जिसमें राम नाम की महिमा और जीवन में आध्यात्मिकता के महत्व पर प्रकाश डाला जाएगा।
आयोजकों ने बताया कि सत्संग के पश्चात श्रद्धालुओं के लिए भोजन (भंडारा) की भी व्यवस्था की गई है। ग्राम गोरवा के समस्त साधक गणों ने क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस धार्मिक आयोजन का लाभ लेने की अपील की है।




