Dewas news: तेज रफ्तार ऑटो की टक्कर से मासूम बच्ची की मौत

देवास। शहर की गंगा पार्क कॉलोनी क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें 5 वर्षीय मासूम बच्ची की जान चली गई। तेज गति से आ रहे एक ऑटो ने बच्ची को टक्कर मार दी और उसे करीब 8 से 10 फीट तक घसीटता हुआ ले गया, इसके बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
घर के सामने खड़ी थी मासूम, पल भर में बदल गई जिंदगी-
जानकारी के अनुसार यह हादसा दोपहर लगभग 12:30 बजे हुआ। चेष्टा अपने घर के बाहर ही खड़ी थी, तभी अचानक तेज रफ्तार ऑटो ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद बच्ची सड़क पर घसीटती चली गई। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया और ऑटो को रोकने की कोशिश की, लेकिन चालक फरार हो गया।
शादी से लौट रहे तीन लोग दुर्घटना का शिकार, एक महिला की मौत। पूरी खबर पढ़ें: नेवरी-हाटपिपल्या रोड हादसा: शादी से लौटते वक्त दर्दनाक दुर्घटना
अस्पताल दर अस्पताल भटकता रहा परिवार-
हादसे के बाद परिजन गंभीर रूप से घायल बच्ची को तुरंत जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां उसकी हालत नाजुक होने पर उसे दूसरे अस्पतालों में रेफर किया गया। परिवार उसे लेकर 2 प्राइवेट अस्पताल पहुंचा, तीसरे अस्पताल ले जाते वक्त बच्ची ने दम तोड़ दिया।
पिता साड़ी की दुकान पर, मां घर पर थी-
मृतका चेष्टा, साड़ी व्यापारी दिनेश शर्मा की पुत्री थी। घटना के समय पिता अपनी दुकान पर थे, जबकि मां घर पर घरेलू काम कर रही थीं। अचानक हुए इस हादसे की सूचना बच्चों के जरिए परिवार को मिली, जिसके बाद घर में कोहराम मच गया। मां के अनुसार बच्ची कुछ देर पहले पड़ोस में खेलने गई थी और वापस आकर घर के सामने ही खड़ी थी, तभी यह दुर्घटना हो गई।
राजस्थान से लौटे थे-
परिवार मूल रूप से राजस्थान के भीलवाड़ा का रहने वाला है। मृतका के मामा सतीश ने बताया कि वह एक दिन पहले ही राजस्थान से लौटे थे। परिवार कुछ समय पहले एक धार्मिक कार्यक्रम के लिए वहां गया था।
हादसों को रोकने के लिए सुरक्षा उपाय बेहद जरूरी हैं। जानें क्या हैं नए नियम: स्कूली बसों में स्पीड गवर्नर अनिवार्य, सुरक्षा के लिए नए निर्देश
मासूम की दिनचर्या भी दर्द बढ़ा गई-
परिजनों ने बताया कि चेष्टा रोजाना गाय के बछड़े को खिलाने जाती थी। हादसे के दिन भी वह यही कहकर घर से बाहर निकली थी, लेकिन कुछ ही मिनटों में यह अनहोनी हो गई।
पुलिस जांच में जुटी, चालक फरार-
पुलिस ने मामले में ऑटो चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश शुरू कर दी है। वाहन और चालक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
दर्दनाक हादसा: कुएं में डूबने से दो किशोरों की मौत, क्रिकेट खेलते समय गेंद निकालने के दौरान हुआ हादसा
तेज रफ्तार ऑटो बन रहे चिंता का कारण-
स्थानीय लोगों ने इस घटना पर गहरा आक्रोश जताया है। उनका कहना है कि शहर में कई ऑटो चालक मनमानी गति से वाहन चलाते हैं, अचानक कट मारते हैं और कई बार साइड देने के लिए लगातार हॉर्न बजाते हुए लापरवाही से ड्राइविंग करते हैं। ऐसे ऑटो लगातार दुर्घटना का कारण बन रहे हैं। लोगों ने ऐसे मामलों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।




