तलाई में ट्रैक्टर सहित गिरा किसान, दर्दनाक मौत

भौंरासा (मनोज शुक्ला)। थाना क्षेत्र में रविवार को एक हृदयविदारक हादसे में 23 वर्षीय युवा किसान की तलाई में डूबने से मौत हो गई।
कीटनाशक छिड़काव के दौरान ट्रैक्टर रिवर्स करते वक्त तलाई में धंस गया और किसान ट्रैक्टर सहित पानी में समा गया। ग्रामीणों और पुलिस ने रेस्क्यू कर शव को बाहर निकाला, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। किसान खेत में कीटनाशक छिड़काव करने गया था।

पुलिस के अनुसार चेतन गुर्जर ने थाने पर आकर सूचना दी, कि रविवार दोपहर 12.30 बजे बड़े पापा के लड़के देवेंद्र गुर्जर के साथ ट्रैक्टर से दवाई छिड़काव के लिए गए थे। ट्रैक्टर देवेंद्र पुत्र भारत सिंह गुर्जर चला रहा था। ट्रैक्टर को रिवर्स करने के दौरान पहिया तलाई में धंस गया, जिससे चेतन व देवेंद्र दोनों तलाई में ट्रैक्टर सहित गिर गए। तलाई से बाहर निकलने की कोशिश की। चेतन तो बाहर निकल आया लेकिन देवेंद्र नहीं निकल पाया। चेतन ने जोर-जोर से आवाज़ लगाई तो आसपास खेत में काम कर रहे लोग आए और फिर पुलिस और एंबुलेंस को बुलाया। जब तक उसे तलाई से बाहर निकाला जाता, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
ट्रैक्टर को क्रेन से निकाला-
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद तालाब से शव को बाहर निकाला गया और क्रेन की मदद से ट्रैक्टर को भी बाहर खींचा गया।




