10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महाभियान का शुभारंभ
राजयोग और खेलों के जरिए नशे से दूर रहने का संदेश

युवाओं से लिया नशामुक्त जीवन का संकल्प
देवास। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की ओर से देवास में 10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महाभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान के तहत लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करते हुए नशामुक्त जीवन जीने और अपने आसपास नशे को रोकने का संकल्प दिलाया गया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि नशा अक्सर बुरी संगति से शुरू होता है, लेकिन मजबूत मनोबल, राजयोग और खेलों को जीवन का हिस्सा बनाकर इससे दूरी बनाई जा सकती है। इस दौरान नशामुक्ति पर आधारित नृत्य-नाटिका का मंचन कर भी युवाओं को नशा छोड़ने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने दीप प्रज्वलित एवं शिव के पूजन से किया। मुख्य अतिथि डॉ. अमरीन शेख जिला क्षय अधिकारी स्वास्थ्य विभाग ने कहा कि नशा एक बुरी आदत है जो एक संगति से शुरू होती है। आज के युवा अपने को स्मार्ट दिखाने के लिए नशा करते हैं, लेकिन भूल जाते हैं कि नशे से हमारा जीवन बर्बाद होता है।
राजयोगिनी सोनाली दीदी संचालिका सोनकच्छ ने कहा कि राजयोग वह शक्ति है, जिससे मनोबल को बढ़ाकर सभी प्रकार के नशे से मुक्ति पाई जा सकती है। संस्था के द्वारा इस अभियान को चलाने का उद्देश्य यही है कि मनोबल की शक्ति से किसी भी बुराई व नशे के ऊपर विजय प्राप्त कर सकते हैं। पिछले वर्ष इस अभियान में 3 करोड़ 63 लाख लोगों से प्रतिज्ञा करवाई गई जिसमें 3 करोड़ लोगों ने नशा छोड़ा। दीदी ने राजयोग का अभ्यास कराते हुए सभी को प्रेरणा दी।
विशेष अतिथि खेल प्रशिक्षक सलीम शेख ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि नशा छोड़ें जीवन जोड़ें। नशा छोड़ अपना ध्यान खेल की ओर लगाएं। खेलों से जीवन में उमंग और उल्लास आता है जिससे नशे से दूर रहा जा सकता है। मेरा युवा भारत से सैयद सादिक अली, रामेश्वर जलोदिया, होम्योपैथी डॉक्टर शाहरूख, नारायण व्यास, उम्मेदसिंह राठौर ने अपनी शुभकामना व्यक्त की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता राजयोगिनी प्रेमलता दीदी संचालिका देवास ने की। नशामुक्त जीवन जीने और अपने आस पास नशे को रोकने और नशा छुड़वाने के लिए प्रतिज्ञा ब्रह्माकुमारी अपुलश्री बहन ने करवाई। कार्यक्रम का संचालन ब्रह्माकुमारी ललिता बहन ने किया।
कार्यक्रम में नशामुक्ति पर आधारित नृत्य नाटिका का मंचन किया गया और नृत्य के माध्यम से भी नशा छोड़ने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर कन्नौद सेंटर से पवित्रा दीदी, सन्नौड़ सेंटर से संगीता दीदी, हाटपिपल्या से रजनी दीदी विशेष रूप से उपस्थित रहीं।




