खेत-खलियानदेवास

दीपावली के बाद मंडी में सौदों का शंखनाद, ज्वार 12251 रु एवं सोयाबीन 8585 रु क्विन्टल में बिकी

मुहूर्त के सौदों में परंपरागत वेशभूषा में नजर आए व्यापारी, किसानों के चेहरों पर दिखी खुशी

Share

 

देवास। दीपावली की रौनक के बाद गुरुवार को देवास कृषि उपज मंडी में नए व्यापारिक वर्ष का आरंभ परंपरा, उत्साह और उमंग के साथ हुआ।

मां अन्नपूर्णा की पूजा-अर्चना के बाद जैसे ही मुहूर्त के सौदों की शुरुआत हुई, पूरा मंडी परिसर ढोल-ढमाकों और आतिशबाजी से गूंज उठा। खास बात यह रही कि व्यापारी परंपरागत वेशभूषा में मुहूर्त के सौदों में शामिल हुए।

इस शुभ अवसर पर सर्वप्रथम ज्वार की बोली लगाई गई। ग्राम बांगरदा के किसान कैलाश ज्वार लेकर आए थे, यह शुभ मुहूर्त में यह 12251 रुपए क्विंटल में बिकी। इसे पितरेश्वर ट्रेडिंग कंपनी ने खरीदा। इसके बाद सोयाबीन, गेहूं और चना के मुहूर्त की शुरुआत हुई। अच्छे भाव मिलने से किसानों में खासा उत्साह नजर आया। 

सोयाबीन की 8585 रुपए प्रति क्विंटल पर लगी-
मुहूर्त सौदों के दौरान ‘पीला सोना’ कही जाने वाली सोयाबीन की खरीदी हुई। सिंगावदा निवासी किसान लखन आर्य की सोयाबीन उपज की बोली लगाई गई, जिसे पवन ट्रेडिंग कंपनी के पवन अग्रवाल ने सर्वाधिक 8585 रुपए प्रति क्विंटल की दर पर खरीदकर सौदे की शुरुआत की। उन्होंने करीब 10 क्विन्टल सोयाबीन खरीदा। किसान लखन आर्य का पुष्पमाला पहनाकर सम्मान किया गया, जिससे मंडी प्रांगण तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

5151 रुपए में बिका गेहूं, किसान का हुआ सम्मान-
मुहूर्त के सौदों में ग्राम खटांबा के किसान भारत सिंह की गेहूं उपज की बोली लगाई गई। हीरा इंटरनेशनल लिमिटेड ने 5151 रुपए प्रति क्विंटल की सर्वाधिक बोली लगाकर गेहूं की खरीदी की। उन्होंने 8 क्विन्टल गेहूं खरीदा। मौके पर किसान का पुष्पमाला पहनाकर सम्मान किया गया। उपस्थित व्यापारियों और किसानों ने तालियों के साथ उनका उत्साह बढ़ाया।

मां अन्नपूर्णा के पूजन के साथ शुरू हुआ नया व्यापारिक वर्ष-
दीपावली अवकाश के बाद मंडी में गुरुवार को व्यापारिक गतिविधियां शुरू हुईं। परंपरा के अनुसार सबसे पहले मां अन्नपूर्णा देवी की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद व्यापारियों ने एक-दूसरे को दीपावली और नए व्यापारिक वर्ष की शुभकामनाएं दीं। फूलों से सजे प्रतिष्ठानों और पारंपरिक परिधानों में पहुंचे व्यापारियों ने इस आयोजन को खास बना दिया। ढोल-धमाकों और आतिशबाजी के बीच मुहूर्त के सौदों का श्रीगणेश हुआ।

इस तरह नए व्यापारिक वर्ष का पहला सौदा अच्छे भाव के साथ शुरू हुआ। मौके पर किसान का पुष्पमाला पहनाकर सम्मान किया गया। उपस्थित व्यापारियों और किसानों ने तालियों के साथ उनका उत्साह बढ़ाया। मुहूर्त के सौदों में अन्य उपज के भाव भी आकर्षण का केंद्र रहे। मुहूर्त के इन भावों को लेकर मंडी में मौजूद किसानों और व्यापारियों में उत्साह दिखाई दिया।

अच्छे भाव से शुरू हो, पूरे साल का कारोबार शुभ रहे- शरद अग्रवाल
हीरा इंटरनेशनल लिमिटेड के शरद अग्रवाल ने कहा कि दीपावली के बाद मुहूर्त के सौदों की परंपरा केवल व्यापार की शुरुआत भर नहीं है, बल्कि यह किसान और व्यापारी के बीच भरोसे और आत्मीयता का प्रतीक भी है। हमारी कामना है कि नए व्यापारिक वर्ष का पहला सौदा जिस तरह अच्छे भाव से हुआ है, उसी तरह पूरे साल किसानों की उपज को उचित दाम मिलें और व्यापार में निरंतर तरक्की हो। किसान खुशहाल रहेगा तो मंडी और व्यापार दोनों समृद्ध होंगे।

उन्होंने कहा कि किसानों की मेहनत का सम्मान करना और उन्हें उनकी उपज का बेहतर मूल्य दिलाने में सहयोग करना व्यापारिक जगत की भी जिम्मेदारी है।

ए ग्रेड मंडी में दूसरे जिलों से भी पहुंचते हैं किसान-
देवास कृषि उपज मंडी ए ग्रेड की मंडी है। यहां देवास जिले के अलावा आसपास के अन्य जिलों से भी किसान अपनी उपज बेचने पहुंचते हैं। मंडी की व्यापारिक गतिविधियों और व्यवस्थाओं के चलते यह क्षेत्र के किसानों के लिए महत्वपूर्ण केंद्र बनी हुई है। मुहूर्त के सौदों में भी इस व्यापारिक महत्व और किसान-व्यापारी के आपसी विश्वास की झलक देखने को मिली।

मंडी व्यापारी संजय शर्मा एवं पुष्पेंद्र महाजन ने बताया कि दीपावली के बाद मुहूर्त के सौदों की परंपरा वर्षों से चली आ रही है। शुभ मुहूर्त में खरीदी कर नए व्यापारिक वर्ष की शुरुआत की गई। यह परंपरा व्यापारिक संबंधों को मजबूत करने के साथ किसानों में भी उत्साह का संचार करती है।

फूलों से सजे प्रतिष्ठान, मिठाई बांटकर दी शुभकामनाएं- 
मंडी परिसर में उत्सव जैसा माहौल रहा। व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठानों को फूलों से सजाया। मिठाई बांटी गई और आतिशबाजी के बीच नए व्यापारिक वर्ष का स्वागत किया गया। मंडी व्यापारी एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय पोरवाल ने कहा कि मुहूर्त के सौदे भारतीय कृषि और व्यापारिक संस्कृति की पुरानी परंपरा हैं। इनके माध्यम से नए वर्ष की शुरुआत आपसी विश्वास, सहयोग और समृद्धि की कामना के साथ की गई।

इस अवसर पर मंडी सचिव अरविंद परिहार, प्रांगण प्रभारी महेंद्र मांडोरिया सहित बड़ी संख्या में व्यापारी और मंडी से जुड़े कर्मचारी उपस्थित रहे। 

 

Back to top button