उज्जैनक्राइम

उज्जैन लोकायुक्त की कार्रवाई: माकड़ोन मंडी का उप निरीक्षक 4 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा

व्यापारी ने की थी सोयाबीन की हर बोरी पर 10 रुपए मांगने की शिकायत

Share

 

लोकायुक्त ने उप निरीक्षक और आउटसोर्स कर्मचारी को ट्रैप कर रिश्वत की राशि बरामद की

उज्जैन। जिले की माकड़ोन अनाज मंडी में रिश्वत की शिकायत पर लोकायुक्त ने कार्रवाई करते हुए दो कर्मचारियों को पकड़ा है। सोयाबीन के कारोबार से जुड़े मामले में की गई इस कार्रवाई के दौरान 4 हजार रुपए की राशि बरामद की गई। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।

विपुस्था लोकायुक्त के महानिदेशक योगेश देशमुख के निर्देशन व उप पुलिस महानिरीक्षक लोकायुक्त मनोज कुमार सिंह एवं विपुस्था लोकायुक्त उज्जैन के पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार दीक्षित के मार्गदर्शन में आज 16 अक्टूबर को लोकायुक्त उज्जैन ने माकड़ोन अनाज मंडी के उप निरीक्षक रोशन आर्य को उसके साथी कर्मचारी संतोष भाटी के साथ 4 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा।

शिकायतकर्ता योगेश राठौर निवासी ग्राम रूपाखेड़ी जिला उज्जैन ने 14 अक्टूबर को पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त उज्जैन विनोद कुमार दीक्षित को शिकायत की थी कि मैं मंडी का व्यापारी हूं। मैं माकड़ोन मंडी से सोयाबीन खरीदता हूं तो मंडी उप निरीक्षक रोशन आर्य के द्वारा प्रत्येक बोरी के हिसाब से 10 रुपए की मांग की जाती है और पैसे नहीं देने पर सोयाबीन की गाड़ी नहीं जाने देने की बात की जाती है, जबकि मंडी का टैक्स भी दिया जाता है, फिर भी अवैध रूप से रिश्वत की मांग की जा रही है। शिकायत के आधार पर शिकायत का सत्यापन उप पुलिस अधीक्षक राजेश पाठक द्वारा किया गया। सत्यापन के दौरान शिकायत सही पाए जाने पर आज 16 अक्टूबर को विधिवत ट्रैप आयोजित कर और धारा 7 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रथम सूचना रिपोर्ट कायम कर लोकायुक्त कार्यालय उज्जैन से 10 सदस्य की टीम के साथ माकड़ोन मंडी पहुंचे।

जैसे ही आवेदक योगेश राठौर के द्वारा रिश्वत की 4 हजार की राशि रोशन आर्य मंडी उप निरीक्षक निवासी ग्वालियर को दी गई, तो रोशन आर्य ने उक्त रिश्वत राशि अपने साथी आउटसोर्स कर्मचारी संतोष भाटी को पकड़ाई, वैसे ही दोनों को मंडी प्रांगण में लोकायुक्त उज्जैन ने रंगे हाथों पकड़ लिया। रिश्वत की राशि 4 हजार रुपए बरामद की गई। कार्रवाई की जा रही है।

ट्रैप दल के सदस्यों की टीम-
डीएसपी राजेश पाठक, डीएसपी दीपक सेजवार, प्रधान आरक्षक हितेश ललावत, आरक्षक शिवकुमार शर्मा, आरक्षक श्याम शर्मा, आरक्षक इसरार खान, आरक्षक उमेश जाटव, एवं साक्षीगण आदि 10 सदस्यों की टीम।

 

Back to top button