संस्था अनंता के पंडाल में गूंजे जय माता दी के जयकारे
मां की आराधना से मिलता है सकारात्मक ऊर्जा और सेवा का संदेश- डॉ. सेंधव

पूर्व सैनिकों और नेताओं ने की महाआरती, भंडारे में श्रद्धालुओं को बांटा फलाहारी प्रसाद
देवास। भक्ति, श्रद्धा और सामाजिक समरसता के भाव से ओतप्रोत संस्था अनंता के पंडाल में मातारानी की महाआरती का आयोजन हुआ। मां जगदम्बा की आराधना के लिए जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ नेता, प्रशासनिक अधिकारी और पूर्व सैनिक एक साथ जुटे। सभी ने विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर मां के चरणों में शीश नवाया और सुख-समृद्धि की कामना की। महाआरती के बाद अतिथियों ने भंडारे का शुभारंभ किया तथा श्रद्धालुओं को फलाहारी प्रसाद वितरित किया। इस दौरान पूरा पंडाल माता के जयकारों से भक्तिमय हो उठा।
ऐसे आयोजनों से सेवा एवं समर्पण का भाव होता है साकार- सेंधव
कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. रायसिंह सेंधव ने अपने संक्षिप्त उद्बोधन में कहा कि मातारानी की आराधना हमें सेवा, समर्पण, सद्भाव और समाज के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने की प्रेरणा देती है। धार्मिक आयोजन हमारी संस्कृति और परंपराओं को सशक्त बनाने के साथ ही समाज के लोगों को एक सूत्र में पिरोने का कार्य करते हैं। ऐसे आयोजनों में भंडारे और प्रसाद वितरण के माध्यम से सेवा एवं समर्पण का भाव साकार होता है। उन्होंने संस्था अनंता परिवार के आयोजन की सराहना करते हुए सभी के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

मातारानी की महाआरती में राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र की कई प्रमुख हस्तियों ने सहभागिता की। सांसद महेन्द्रसिंह सोलंकी, भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. सेंधव, पूर्व जिला अध्यक्ष नंदकिशोर पाटीदार, भाजयुमो प्रदेश मंत्री आशीष झाला, कांग्रेस कमेटी जिला अध्यक्ष मनीष चौधरी, शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष प्रयास गौतम, पूर्व महापौर जयसिंह ठाकुर, शहर कांग्रेस पूर्व अध्यक्ष मनोज राजानी, पूर्व महापौर रेखा वर्मा, वरिष्ठ कांग्रेस नेता बनेसिंह अस्ताया, गुरुचरणसिंह सलूजा, सुधीर शर्मा एवं प्रशासनिक अधिकारी के रूप में अपर कलेक्टर शोभाराम सोलंकी, अपर कलेक्टर संजीव जैन, तहसीलदार हरिओम ठाकुर, सिविल लाइन थाना प्रभारी विजय लोधी, साथ ही सेना के पूर्व सैनिक उमाशंकर नागर एवं दिनेश चौहान सहित पूर्व सैनिकगण, संस्था के सदस्यों ने मातारानी के चरणों में शीश नवाकर पूजा-अर्चना की।
लाल दुपट्टा ओढ़ाकर अतिथियों का किया सम्मान-
महाआरती के पश्चात अतिथियों ने भंडारे का शुभारंभ किया। इसके बाद श्रद्धालुओं को फलाहारी प्रसाद वितरित किया गया। संस्था अनंता परिवार की ओर से सभी अतिथियों का लाल दुपट्टा ओढ़ाकर आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया गया। आयोजन में श्रद्धा, सेवा और सामाजिक सौहार्द का सुंदर संगम देखने को मिला।




