प्रशासनिक

कलेक्टर नेहा मीना ने हाटपीपल्या तहसीलदार न्यायालय का किया निरीक्षण

लापरवाही पर तहसीलदार और रीडर को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश

Share

देवास। कलेक्टर नेहा मीना ने बुधवार को हाटपीपल्या तहसीलदार न्यायालय का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान न्यायालयीन कार्यप्रणाली में अनियमितताएं एवं विलंब पाए जाने पर कलेक्टर ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए तहसीलदार और रीडर को कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर श्रीमती मीना ने निरीक्षण के दौरान तहसीलदार न्यायालय में प्रचलित राजस्व प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने तीन माह से अधिक समय से लंबित समस्त राजस्व प्रकरणों को चिन्हित कर उनका सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि समस्त राजस्व प्रकरणों को अनिवार्य रूप से आरसीएमएस पोर्टल पर ऑनलाइन दर्ज किया जाए तथा प्रकरणों के निराकरण में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न हो। अभिलेखों के अवलोकन के दौरान न्यायालय में कई प्रकरण ऑनलाइन दर्ज नहीं किए गए थे, और प्रकरणों में एक-एक माह की लंबी पेशियां निर्धारित की जा रही थीं तथा पटवारी रिपोर्ट प्राप्त हो जाने के उपरांत भी प्रकरणों का अंतिम निराकरण लंबित रखा गया था। इस पर सख्त रुख अपनाते हुए कलेक्टर श्रीमती मीना ने तहसीलदार और रीडर को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

Back to top button