प्रशासनिकराज्य

देवास और उज्जैन में इप्का के 1,080 करोड़ रुपए के प्रस्तावित निवेश से 1,500 रोजगार की संभावना

Share

 

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से अजीत कुमार जैन की मुलाकात में निवेश योजनाओं और रतलाम के बायोटेक पार्क से जुड़ने पर चर्चा

देवास। देवास और उज्जैन में इप्का कंपनी द्वारा किए जा रहे 1080 करोड़ के प्रस्तावित निवेश से 1500 लोगों को रोजगार मिलेगा। इस संबंध में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मुंबई के होटल द सेंट रेजिस में आयोजित ‘मध्यप्रदेश में निवेश की संभावनाओं पर संवाद’ कार्यक्रम के अंतर्गत इप्का लैबोरेटरीज लिमिटेड के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य वित्तीय अधिकारी अजीत कुमार जैन से चर्चा की।

बैठक में कंपनी के देवास और विक्रम उद्योगपुरी, उज्जैन में प्रस्तावित निवेश तथा परियोजनाओं के क्रियान्वयन के लिए आवश्यक सहयोग पर विचार-विमर्श हुआ।

देवास में 1,000 करोड़ रुपए के निवेश का प्रस्ताव-
इप्का लैबोरेटरीज ने देवास में लगभग 1,000 करोड़ रुपए के निवेश का प्रस्ताव रखा है। इस परियोजना से लगभग 1,000 रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है। बैठक में प्रस्तावित परियोजना और इसे आगे बढ़ाने से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई।

विक्रम उद्योगपुरी में 80 करोड़ रुपए की प्रस्तावित परियोजना-
कंपनी की विक्रम उद्योगपुरी, उज्जैन में लगभग 80 करोड़ रुपए के निवेश की परियोजना भी प्रस्तावित है। इससे लगभग 500 रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है।

कुल 1,080 करोड़ रुपए का प्रस्तावित निवेश और 1,500 संभावित रोजगार-
देवास और विक्रम उद्योगपुरी की दोनों परियोजनाओं में कुल प्रस्तावित निवेश 1,080 करोड़ रुपए है। इनके माध्यम से लगभग 1,500 रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है। प्रस्तावित निवेश से मध्यप्रदेश में कंपनी की औद्योगिक गतिविधियों का विस्तार हो सकेगा।

रतलाम के बायोटेक पार्क से जुड़ने पर चर्चा-
बैठक में रतलाम में विकसित हो रहे बायोटेक पार्क से इप्का लैबोरेटरीज के जुड़ने की संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श हुआ। इस क्षेत्र में बड़ा भूमि बैंक उपलब्ध है तथा पास से ही आठ लेन एक्सप्रेस-वे गुजरता है।

परियोजनाओं के क्रियान्वयन के लिए आवश्यक सहयोग पर संवाद-
बैठक में कंपनी की प्रस्तावित निवेश योजनाओं और परियोजनाओं के क्रियान्वयन के लिए आवश्यक सहयोग पर संवाद हुआ। श्री जैन ने प्रदेश में कंपनी की निवेश योजनाओं के संबंध में जानकारी दी।

फार्मास्यूटिकल्स क्षेत्र में कंपनी का अनुभव-
मुंबई मुख्यालय वाली इप्का लैबोरेटरीज लिमिटेड की स्थापना वर्ष 1949 में हुई थी। कंपनी फार्मास्यूटिकल्स क्षेत्र में कार्यरत है और बल्क ड्रग, इंटरमीडिएट तथा फॉर्मूलेशन का विनिर्माण करती है। घरेलू बाजार के साथ कंपनी की अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी उपस्थिति है।

मध्यप्रदेश में सात विनिर्माण सुविधाओं के माध्यम से कंपनी की उपस्थिति-
इप्का की मध्यप्रदेश में देवास रतलाम, पीथमपुर, इंदौर, भोपाल में सात विनिर्माण सुविधाएं हैं। इनसे लगभग 7,000 प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार जुड़े हैं। कंपनी के कुल कारोबार में मध्यप्रदेश का लगभग 20 प्रतिशत योगदान है। प्रदेश की इकाइयों से लगभग 120 देशों को उत्पादों का निर्यात किया जाता है। देवास और विक्रम उद्योगपुरी में प्रस्तावित परियोजनाओं के माध्यम से प्रदेश में कंपनी के निवेश और रोजगार की नई संभावनाओं पर चर्चा हुई।

Back to top button