देवास जिले में फिर मेहरबान हुआ मानसून: लगातार बारिश से किसानों के चेहरे खिले, गर्मी-उमस से मिली राहत

देवास। जिले में पिछले दो-तीन दिनों से मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। रुक-रुककर हो रही बारिश से जहां लोगों को भीषण गर्मी और उमस से बड़ी राहत मिली है, वहीं खेतों में खड़ी खरीफ फसलों के लिए यह बारिश अमृत समान साबित हो रही है।
किसानों का कहना है कि समय पर हुई वर्षा से सोयाबीन, मक्का, मूंगफली सहित अन्य फसलों की बढ़वार बेहतर होगी और उत्पादन की उम्मीद भी बढ़ गई है।
कार्यालय कलेक्टर (भू-संसाधन प्रबंधन) द्वारा जारी वर्षा रिपोर्ट के अनुसार जिले में पिछले 24 घण्टे में औसतन 18.44 मिमी (0.73 इंच) वर्षा दर्ज की गई। वहीं 1 जून से अब तक जिले में औसत 488.11 मिमी (19.22 इंच) बारिश रिकॉर्ड की जा चुकी है। पिछले वर्ष इसी अवधि में यह आंकड़ा 309.94 मिमी (12.20 इंच) था। यानी इस वर्ष अब तक जिले में पिछले साल की तुलना में करीब 178.17 मिमी (7.01 इंच) अधिक वर्षा दर्ज हुई है।
सबसे अधिक वर्षा खातेगांव तहसील में 828.00 मिमी (32.60 इंच) दर्ज की गई है, जबकि इसके बाद हाटपीपल्या में 530.00 मिमी (20.87 इंच) और सोनकच्छ में 504.00 मिमी (19.84 इंच) बारिश रिकॉर्ड की गई है।
तहसीलवार वर्षा
देवास: 339.00 मिमी (13.35 इंच)
टोंकखुर्द: 460.00 मिमी (18.11 इंच)
सोनकच्छ: 504.00 मिमी (19.84 इंच)
हाटपीपल्या: 530.00 मिमी (20.87 इंच)
बागली: 486.00 मिमी (19.13 इंच)
उदयनगर: 470.00 मिमी (18.50 इंच)
कन्नौद: 396.00 मिमी (15.59 इंच)
सतवास: 380.00 मिमी (14.96 इंच)
खातेगांव: 828.00 मिमी (32.60 इंच)
आज का मौसम
मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को जिले का अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। वातावरण में 85 प्रतिशत आर्द्रता दर्ज की गई है। दिनभर बादल छाए रहने के साथ कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
बारिश का यह नया दौर शहरवासियों को गर्मी से राहत देने के साथ-साथ किसानों के लिए भी राहतभरी खबर लेकर आया है। यदि आगामी दिनों में भी इसी प्रकार संतुलित वर्षा होती रही तो जिले में खरीफ फसलों की स्थिति और अधिक मजबूत होने की उम्मीद है।




