क्राइम

आधी रात जंगल में फंसे परिवार की बनी सहारा डायल-112, बीमार व्यक्ति को समय पर अस्पताल पहुंचाया

Share

 

देवास। पुलिस की डायल-112 सेवा एक बार फिर आमजन के लिए संकटमोचक साबित हुई। जिले में अलग-अलग दो घटनाओं में डायल-112 की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आधी रात सुनसान जंगल में फंसे एक परिवार को सुरक्षित बाहर निकाला, वहीं अचानक तबीयत बिगड़ने पर एक व्यक्ति को समय रहते अस्पताल पहुंचाकर उपचार शुरू कराया।

डायल-112 ने दिखाई फुर्ती, जंगल में फंसे परिवार को मिली राहत
पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के निर्देशन में जिले में डायल-112 पर प्राप्त प्रत्येक सूचना पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में गुरुवार तड़के करीब रात 2 बजे राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम भोपाल को सूचना मिली कि थाना कन्नौद क्षेत्र के ग्राम कातलाई के समीप एक परिवार का वाहन सुनसान और जंगली इलाके में खराब हो गया है। अंधेरे और निर्जन क्षेत्र में फंसे परिवार ने पुलिस से मदद मांगी।
सूचना मिलते ही एफआरवी-22 को मौके पर रवाना किया गया। आरक्षक राजू माली और पायलट मनीष सचत्या तुरंत घटनास्थल पहुंचे और परिवार को सुरक्षित महसूस कराया।

वाहन की जांच के बाद कन्नौद से मैकेनिक बुलाया गया। मैकेनिक ने वाहन को गेराज ले जाकर सुधारने की सलाह दी, जिसके बाद पुलिस टीम ने वाहन को सुरक्षित रूप से कन्नौद स्थित गेराज तक पहुंचाने में मदद की। समय पर मिली सहायता से परिवार ने राहत की सांस ली और डायल-112 टीम का आभार व्यक्त किया।

खातेगांव में बीमार व्यक्ति को तुरंत पहुंचाया अस्पताल
दूसरी घटना थाना खातेगांव क्षेत्र की है, जहां डायल-112 को सूचना मिली कि एक व्यक्ति की अचानक तबीयत बिगड़ गई है और उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाना आवश्यक है।

सूचना मिलते ही एफआरवी-27 मौके पर पहुंची। आरक्षक प्राण सिंह और पायलट मनीष शर्मा ने बिना समय गंवाए बीमार व्यक्ति को सुरक्षित शासकीय अस्पताल, खातेगांव पहुंचाया, जहां उसका तुरंत उपचार शुरू कराया गया। समय पर मिली इस मदद से मरीज और उसके परिजनों ने डायल-112 स्टाफ तथा देवास पुलिस की त्वरित और संवेदनशील कार्यशैली की सराहना की।

24 घंटे सेवा में तत्पर है देवास पुलिस
देवास पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी आपातकालीन स्थिति में बिना किसी हिचकिचाहट के डायल-112 पर संपर्क करें। पुलिस का कहना है कि नागरिकों की सुरक्षा और सहायता के लिए डायल-112 की टीम 24×7 पूरी तत्परता के साथ सेवाएं दे रही है।

Back to top button