प्रशासनिक

सीएम हेल्पलाइन पर नॉट अटेंडेड शिकायतों पर संबंधित अधिकारियों का वेतन काटने के निर्देश

समय-सीमा से बाहर हुए प्रकरणों में तहसीलदारों पर जुर्माना लगाने के निर्देश

Share

कलेक्टर ऋतुराज सिंह की अध्यक्षता में समय-सीमा संबंधी बैठक आयोजित

देवास। कलेक्टर ऋतु राजसिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में समय-सीमा संबंधी लंबित पत्रों के निराकरण की प्रगति एवं अंतरविभागीय समन्वय से संबंधित मामलों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने “मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान” और सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर दर्ज लंबित शिकायतों की विभागवार गहन समीक्षा की। बैठक में उन्होंने सभी जिला अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि “मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान” के तहत आयोजित शिविरों में प्राप्त होने वाली हर एक शिकायत का शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित किया जाएं।

कलेक्टर श्री सिंह ने सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर 50 एवं 100 दिवस से अधिक समय से लंबित प्रकरणों की विभागवार समीक्षा कर विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि आगामी तीन दिनों तक पूरा फोकस इन पुरानी शिकायतों को दूर करने पर लगाया जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि तय समय-सीमा के भीतर सभी लंबित शिकायतों का संतुष्टिपूर्वक समाधान हो जाना चाहिए। कलेक्टर श्री सिंह ने लोक सेवा प्रबंधक को निर्देश दिए कि विभागवार नॉट अटेंडेड शिकायतों की लिस्ट बनाएं और सभी का शिकायत के अनुसार वेतन काटने की कार्रवाई करें। लोक सेवा गारंटी अधिनियम अंतर्गत समय सीमा से बाहर हुए प्रकरणों में अपर तहसीलदार देवास सहित सभी संबंधित तहसीलदारों पर प्रत्येक प्रकरण पर 250 रुपए का दण्ड लगाने के निर्देश दिए।

कलेक्टर श्री सिंह ने कार्य के प्रति उदासीनता और लापरवाही बरतने वाले अधिकारी-कर्मचारियों पर कड़ा रुख अपनाते हुए निर्देश दिए कि कार्य में लापरवाही बरतने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण की समीक्षा के दौरान कार्य में प्रगति नहीं होने पर कलेक्टर श्री सिंह ने अतिरिक्त जिला पंचायत सीईओ को निर्देशित किया कि जो भी अधिकारी या कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों में कोताही बरत रहे हैं, उनके विरुद्ध तत्काल सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए।

कलेक्टर श्री सिंह ने ग्राम सिरोल्या में बिजली के मुख्य तार कम ऊंचाई पर होने के मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित कनिष्ठ यंत्री (जेई) को तत्काल कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही, जनहानि की आशंका को टालने के लिए बिजली के इन तारों को तुरंत दुरुस्त करने के आदेश भी दिए।

कलेक्टर श्री सिंह ने सभी जिला अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन द्वारा संचालित सभी हितग्राहीमूलक योजनाओं का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को राहत पहुंचाना है। इसलिए यह सुनिश्चित किया जाए कि जिले के सभी पात्र नागरिकों को इन सरकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी परेशानी के और बेहद सुलभता के साथ प्राप्त हो।

बैठक में कलेक्‍टर श्री सिंह ने “स्वच्छ भारत अभियान” के तहत जिले में शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में किए जा रहे कार्यों एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन कार्ययोजना की समीक्षा की। कलेक्टर श्री सिंह ने निकायवार कचरा कलेक्शन की वर्तमान स्थिति की जानकारी लेकर सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में शत-प्रतिशत डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन सुनिश्चित किया जाए। बैठक में नगरीय निकायों द्वारा गीला-सूखा कचरा प्रबंधन, प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट और ‘रिड्यूस, रीयूज, रीसायकल’ (आरआरआर) सेंटर्स की वर्तमान स्थिति की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।

संत शिरोमणि रविदास जी की 650वीं जन्मजयंती के अवसर पर जिले में “श्री गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान एवं यात्रा” का शुभारंभ 20 अगस्त से होने जा रहा है। यह अभियान एवं कलश रथ यात्रा 20 अगस्त से 10 सितम्बर 2026 तक आयोजित होगी। इस धार्मिक और सामाजिक आयोजन की शुरुआत देवास मुख्यालय से होगी। यात्रा के दौरान जिले भर में कलश वंदन यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें स्थानीय जनप्रतिनिधियों, प्रबुद्ध जनों और पूज्य संतों की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। इस भव्य आयोजन के तहत विभिन्न स्थानों पर संतों का सम्मान और आध्यात्मिक संवाद के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे समाज में समरसता और सकारात्मकता का संदेश प्रसारित हो सके

बैठक में अपर कलेक्टर संजीव जैन, संयुक्त कलेक्टर अंशु जावला, एसीईओ जिला पंचायत एसएस सिंह सहित अन्य विभागों के जिला अधिकारीगण उपस्थित थे। समय-सीमा बैठक में विकासखण्ड स्तरीय अधिकारी वर्चुअली शामिल हुए। 

ये भी पढ़ें: नेवरी के स्कूल में आधा-अधूरा सिलेबस देख कलेक्टर नाराज, गणित शिक्षक से पूछा—अब तक इतना कम कोर्स क्यों? 

 

Back to top button