जल संचय का महत्व समझाते हुए सड़क पिपलिया में बोरी बंधान का किया निर्माण

देवास। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद, विकासखंड टोंक खुर्द, जिला देवास द्वारा संचालित जल संचय अभियान के अंतर्गत चिड़ावद सेक्टर के ग्राम सड़क पिपलिया में रविवार को बोरी बंधान निर्माण किया गया।
इस अवसर पर ग्रामीणों को जल संरक्षण के महत्व की विस्तृत जानकारी दी गई तथा वर्षा जल को संरक्षित कर भविष्य के लिए सुरक्षित रखने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत सड़क पिपलिया के सरपंच प्रतिनिधि दिलीपसिंह यादव, प्रकाश पटेल, विकासखंड समन्वयक राजेश सिसोदिया, नवांकुर संस्था की अध्यक्ष पूजा वर्मा, मेंटर्स हरलाल पारसनिया, देवेंद्र भण्डारी, अर्जुन अस्ताया, लक्ष्मीनारायण मालवीय, मनीषा बैस एवं ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति से संतोष यादव, राहुल चंद्रवंशी, दिनेश यादव छात्र आकाश सिलोदिया, शिवानी सिलोदिया ने श्रमदान कर सक्रिय भूमिका निभाई।
जल संचय का महत्व-
गाँवों में बढ़ती पानी की कमी, भूजल स्तर में गिरावट और अनियमित वर्षा के कारण जल संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन गया है। विशेषज्ञों ने कहा, कि जल संचय से भूजल स्तर बढ़ता है और गर्मियों में पेयजल संकट कम होता है। कृषि कार्यों के लिए सिंचाई के वैकल्पिक स्रोत सुलभ होते हैं जिससे किसानों की आय में वृद्धि संभव है।
30 दिसंबर तक चलेगा जन-जागरण-
जन अभियान परिषद ने घोषणा की कि 30 दिसंबर तक संपूर्ण विकासखंड में जल संचय एवं जन-जागरण अभियान चलाया जाएगा, जिसमें विभिन्न ग्रामों में बोरी बंधान, गड्ढा खनन, नालों की सफाई, जल स्रोतों का संरक्षण तथा जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम में विशेष भूमिका संस्था के कार्यक्रम समन्वयक जितेंद्र वर्मा की रही, जिन्होंने सभी टीमों का मार्गदर्शन करते हुए पूरे कार्य को व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया।




