देवास में 25 दिसंबर को तुलसी पूजन एवं गीता पूजन कार्यक्रम

देवास। श्री योग वेदांत सेवा समिति के तत्वावधान में प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी तुलसी पूजन एवं गीता पूजन का आयोजन 25 दिसंबर को कैला देवी मंदिर स्थित श्रीगुरु वाटिका में किया जाएगा।
कार्यक्रम प्रातः 10 बजे से प्रारंभ होगा, जिसमें बड़ी संख्या में साधक एवं धर्मप्रेमी नागरिकों के शामिल होने की संभावना है। श्री योग वेदांत सेवा समिति, युवा सेवा संघ एवं महिला उत्थान मंडल देवास द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में पूर्ण विधि-विधान के साथ तुलसी माता का पूजन किया जाएगा। इसके पश्चात गीता जी का पूजन एवं पाठ संपन्न होगा।
साधक मोहन जोशी ने बताया कि पूजन कार्यक्रम के उपरांत कैला देवी मंदिर के मुख्य द्वार पर सभी धर्मप्रेमी भाई-बहनों को तुलसी के पौधों का वितरण किया जाएगा, जिससे पर्यावरण संरक्षण एवं धार्मिक चेतना को बढ़ावा मिल सके। समिति पदाधिकारियों ने नगरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर आयोजन की शोभा बढ़ाने की अपील की है। साथ ही कार्यक्रम स्थल पर सजावट एवं अन्य व्यवस्थाओं में सहयोग करने का भी आग्रह किया गया है।
आयोजकों के अनुसार, यह आयोजन गुरु कृपा से प्रतिवर्ष संपन्न होता है और इसे भव्य, गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण रूप से मनाने के लिए सभी साधकों की सहपरिवार सहभागिता आवश्यक है।




