क्राइम

लूट का सामान खरीदने वाला ज्वेलर इंदौर से गिरफ्तार

Share

 

– 60 हजार कीमत की दो सोने की अंगूठियां बरामद

देवास। पुलिस ने जुलाई में हुई लूटकांड में बड़ा खुलासा करते हुए सराफा बाजार इंदौर के एक ज्वेलर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 60 हजार रुपए कीमत की दो सोने की अंगूठियां बरामद हुई हैं। यह ज्वेलर लूट का सामान खरीदने में संलिप्त था।

पुलिस के अनुसार 11 जुलाई को फरियादी हर्षराज सिंह उम्र 26 वर्ष निवासी शिखरजी धाम देवास ने थाना औद्योगिक क्षेत्र में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि दोपहर करीब 2:15 बजे तीन अज्ञात व्यक्ति मोटरसाइकिल पर सवार होकर उनके घर पहुंचे। पानी मांगने के बहाने वे घर में घुस आए और पिस्टल व चाकू दिखाकर फरियादी को बंधक बनाते हुए मारपीट की। इसके बाद आरोपियों ने अलमारी तोड़कर घर में रखी ज्वेलरी, नकदी और मोबाइल फोन लूट लिया। फरियादी की रिपोर्ट पर से थाना औद्योगिक क्षेत्र पर अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक देवास पुनीत गेहलोद द्वारा आरोपियों को गिरफ्तार कर सख्त कार्यवाही हेतु निर्देशित किया गया था। इस पर से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) जयवीरसिंह भदौरिया के मार्गदर्शन में नगर पुलिस अधीक्षक सुमित अग्रवाल के निर्देशन में थाना प्रभारी औद्योगिक क्षेत्र शशिकांत चौरसिया के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम द्वारा सतत् प्रयास कर अब तक लूट में संलिप्त एवं लूट का सामान खरीदने वाले कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत कर जेल भेजा जा चुका है।

इसी क्रम में घटना दिनांक से फरार चल रहे आरोपी रितेश राठौर उर्फ बंटी ठाकुर पिता देवेन्द्रसिंह राठौर उम्र 38 वर्ष निवासी इंदौर जो कि सराफा बाजार इन्दौर में ज्वेलर्स का कार्य करता है, को मंगलवार को पुख्ता सूचना के आधार पर गिरफ्तार कर आरोपी के कब्जे से लूट की गई दो सोने की अंगूठियां बरामद कर आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

सराहनीय कार्य- थाना प्रभारी श्री चौरसिया, उनि नरेंद्र अमकरे, उनि सर्जन सिंह मीणा, प्रआर शैलेन्द्र राणा, आर अजय जाट, अर्पित जायसवाल की सराहनीय भूमिका रही।

Back to top button