अब घर बैठे भरें जनगणना 2027 का मकान सूचीकरण फॉर्म

– स्व-गणना से आसान हुई प्रक्रिया, ऑनलाइन प्रक्रिया 16 अप्रैल से
देवास। जनगणना 2027 के अंतर्गत प्रथम चरण में मकान सूचीकरण (हाउस लिस्टिंग) की प्रक्रिया इस बार पूरी तरह डिजिटल कर दी गई है। अब आम नागरिक अपने मोबाइल फोन के माध्यम से घर बैठे ही ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं।
इससे लोगों को जनगणना कर्मचारियों का इंतजार करने की आवश्यकता नहीं होगी और प्रक्रिया अधिक सरल एवं पारदर्शी बन गई है। इस जनगणना में यह एक विशेष सुविधा है। ऑनलाइन फॉर्म भरने के लिए URL कोड https://se.census.gov.in निगमायुक्त दलीप कुमार ने बताया कि नागरिकों को सबसे पहले आधिकारिक सेल्फ-एन्यूमरेशन पोर्टल पर जाकर अपने मोबाइल नंबर से लॉगिन करना होगा। ओटीपी के माध्यम से सत्यापन के बाद अपने मकान की सही लोकेशन मैप पर चिन्हित करनी होगी। इसके पश्चात परिवार के मुखिया की जानकारी भरकर मकान से संबंधित आवश्यक विवरण दर्ज करना होगा।
फॉर्म में मकान की स्थिति (पक्का/कच्चा), पानी और बिजली की उपलब्धता, शौचालय की व्यवस्था, परिवार के सदस्यों की संख्या, मोबाइल, इंटरनेट एवं अन्य सुविधाओं से जुड़े प्रश्न पूछे जाएंगे। सभी जानकारी भरने के बाद फॉर्म सबमिट करने पर एक 16 अंकों की विशेष आईडी प्राप्त होगी, जिसे सुरक्षित रखना आवश्यक है।
जनगणना कर्मचारी जब घर पर आएंगे, तब नागरिकों को केवल यह आईडी दिखानी होगी, जिससे उनकी जानकारी का सत्यापन किया जाएगा।
निगम प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे सही और सटीक जानकारी भरें, क्योंकि फॉर्म सबमिट होने के बाद उसमें संशोधन संभव नहीं होगा। यह पूरी प्रक्रिया लगभग 15 से 20 मिनट में पूरी की जा सकती है। मध्यप्रदेश में यह ऑनलाइन प्रक्रिया 16 से 30 अप्रैल 2026 तक चलेगी।




