क्राइम

नेवरी टोल के पास दर्दनाक हादसा, बाइक से गिरी महिला को वाहन ने कुचला, मौके पर मौत

Share

डेढ़ साल का मासूम बेटा घायल, पति की आंखों के सामने हुआ हादसा; एंबुलेंस में देरी के आरोप पर लोगों ने किया चक्काजाम

देवास (ओमप्रकाश सेन)। इंदौर-भोपाल हाईवे पर नेवरी टोल के समीप रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में महिला की जान चली गई, जबकि उसका डेढ़ साल का मासूम बेटा घायल हो गया। स्पीड ब्रेकर पर बाइक का संतुलन बिगड़ने से महिला अपने बच्चे के साथ सड़क पर गिर गई थी। इसी दौरान पीछे से आए एक वाहन ने महिला को कुचल दिया। हादसा इतना भयावह था कि पति के सामने ही परिवार बिखर गया।

मृतका की पहचान निकिता के रूप में हुई है। उनके पति केतन ने बताया कि वे पत्नी और डेढ़ साल के बेटे लावंश के साथ बाइक से भोपाल से इंदौर जा रहे थे। नेवरी टोल के पास जॉन डियर कंपनी के सामने बने स्पीड ब्रेकर से गुजरते समय अचानक बाइक का संतुलन बिगड़ गया। इससे पीछे बैठी निकिता और उनका बेटा सड़क पर गिर पड़े। केतन कुछ समझ पाते, उससे पहले ही पीछे से आ रहे वाहन ने निकिता को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में मासूम लावंश भी घायल हो गया। राहगीर राहुल भाटी तुरंत घायल बालक को लेकर अस्पताल पहुंचे।

एंबुलेंस पहुंचने में देरी पर भड़के लोग, हाईवे पर लगाया जाम–
दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों का आरोप था कि सूचना देने के बावजूद एंबुलेंस काफी देर तक नहीं पहुंची। आक्रोशित लोगों ने हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। इसके चलते इंदौर-भोपाल मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात प्रभावित हुआ। करीब एक घंटे तक आवागमन बाधित रहा।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर खुलवाया जाम–
चक्काजाम की सूचना पर नाहर दरवाजा थाना पुलिस, सीएसपी सुमित अग्रवाल और अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाइश देकर शांत कराया। इसके बाद जाम खुलवाकर यातायात बहाल कराया गया। महिला के शव को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

ये भी पढ़ें: मक्सी बायपास चौराहे के समीप सड़क हादसा, ई-स्कूटी सवार महिला की मौके पर मौत

Back to top button