गरीब बस्तियों और वृद्धाश्रम में मनाई दीपावली, बच्चों को बांटे पटाखे-मिठाई और दीपक

देवास। दीपावली का पर्व खुशियां बांटने और जरूरतमंदों के जीवन में रोशनी लाने का संदेश देता है। इसी भावना के साथ मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के सेक्टर क्रमांक-3 बरोठा की तपस्या लोक कल्याण सामाजिक समिति ने इस बार दीपावली का पर्व झुग्गी बस्तियों और देवास के बिलावली स्थित रामाश्रय वृद्धाश्रम में जरूरतमंदों के बीच मनाया। इस दौरान बच्चों को पटाखे, मिठाई और दीपक वितरित किए गए। दीपावली की सामग्री पाकर बच्चों के चेहरों पर खुशी देखते ही बन रही थी।
कार्यक्रम में समिति के सेक्टर अध्यक्ष एवं जनसेवक धर्मेंद्रसिंह राजपूत ने कहा कि गरीब परिवारों और जरूरतमंदों के बीच दीपावली मनाकर उन्हें आत्मिक खुशी मिली है। त्योहार की असली सार्थकता तभी है, जब हम अपनी खुशियों में उन लोगों को भी शामिल करें, जिन्हें इसकी सबसे अधिक आवश्यकता है। उन्होंने संकल्प लिया कि भविष्य में भी इसी तरह जरूरतमंद परिवारों के बीच त्योहार मनाकर खुशियां बांटते रहेंगे।

इस अवसर पर ज्योतिष आचार्य पं. ज्ञानेंद्र तिवारी ने मंत्रोच्चार एवं जाप के साथ बच्चों, बुजुर्गों और माता-बहनों से पूजन-अर्चन करवाया। इसके बाद दीपावली की पूजन सामग्री का वितरण किया गया। कार्यक्रम में पं. कुणाल शर्मा, स्वतंत्र शर्मा एवं माया पटेल उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि धर्मेंद्र सिंह राजपूत को मध्यप्रदेश शासन द्वारा राज्य कृषि पुरस्कार से मुख्यमंत्री के हाथों सम्मानित किया जा चुका है।




