देवास

सत्यनिष्ठा और ईमानदारी के साथ कार्य कर अभिकर्ता जल्द पूरा करें अपना लक्ष्य- तनेजा

एलआईसी अभिकर्ता संघ के स्नेह सम्मेलन में हुआ उत्कृष्ट अभिकर्ताओं का सम्मान

Share

 

देवास। भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) अभिकर्ता संघ, शाखा क्रमांक-1 का वार्षिक स्नेह सम्मेलन निजी गार्डन में उत्साह और आत्मीयता के माहौल में आयोजित किया गया।

सम्मेलन में वर्षभर उत्कृष्ट कार्य करने वाले अभिकर्ताओं का अतिथियों ने सम्मान किया। इस दौरान संगठन की गतिविधियों और अभिकर्ताओं की कार्यप्रणाली को लेकर भी मार्गदर्शन दिया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता लियाफी इंदौर मंडल के अध्यक्ष रमेश व्यास ने की। विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित एलआईसी के वरिष्ठ मंडल प्रबंधक राकेश तनेजा ने अभिकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि बीमा क्षेत्र में ग्राहकों का विश्वास सबसे महत्वपूर्ण है। इसलिए प्रत्येक अभिकर्ता को सत्यनिष्ठा और ईमानदारी के साथ कार्य करते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि अभिकर्ता अपने निर्धारित लक्ष्यों को ध्यान में रखते हुए योजनाबद्ध तरीके से कार्य करें और उन्हें समय से पहले पूरा करने का प्रयास करें।

शाखा प्रबंधक नितिन सांगलीकर ने भी अभिकर्ताओं को संबोधित करते हुए बेहतर कार्य के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अभिकर्ताओं को संगठन के साथ मिलकर कार्य करने और ग्राहकों के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया।

लियाफी के प्रवक्ता आनंद चौहान ने अपने उद्बोधन में अभिकर्ताओं की भूमिका और संगठन की गतिविधियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि अभिकर्ता बीमा योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने के साथ ही परिवारों के आर्थिक भविष्य को सुरक्षित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

इस अवसर पर शाखा अध्यक्ष अनुराग श्रीवास्तव और सचिव अनिल वर्मा ने भी अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने संगठन की गतिविधियों, अभिकर्ताओं की एकजुटता और बेहतर कार्य के लिए सभी साथियों के सहयोग की सराहना की तथा भविष्य में भी इसी तरह मिलकर कार्य करने का आह्वान किया।

सम्मेलन में वरिष्ठ साथी श्रीनिवास बड़वे, गोवर्धन सिंह चंदेल, विकास डोंगरे, अनूप पुरोहित, अजय वर्मा, जितेंद्र सिंह तोमर, कमल भारतीय, बालकृष्ण पंड्या, बनेसिंह नीमा, दौलत सोलंकी, आशीष अग्रवाल, कमल सोनी और राजेश शर्मा सहित महिला अभिकर्ता कल्पना बिंजवा, सभी बीमा सखी एवं बड़ी संख्या में साथी अभिकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने शामिल होकर सम्मेलन को सफल बनाने में योगदान दिया।

कार्यक्रम का संचालन विजय बहादुर सिंह राठौर ने किया। अनूप पुरोहित ने आभार व्यक्त किया। सम्मेलन संबंधी जानकारी कोषाध्यक्ष विकास डोंगरे ने दी।

Back to top button