तीज पर्व पर महूड़ी में दिखी लोक संस्कृति की झलक, शोभायात्रा में शामिल हुईं महिलाएं

भौंरासा (मनोज शुक्ला)। रक्षाबंधन के अगले दिन मनाया जाने वाला तीज पर्व ग्राम महूड़ी में सोमवार को पारंपरिक उल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया। गांव की गलियों से लेकर लोदरी नदी तक तीज माता की शोभायात्रा में लोक संस्कृति और भाई-बहन के स्नेह की झलक दिखाई दी।
ग्राम महूड़ी के श्रीराम मंदिर से तीज माता की शोभायात्रा निकाली गई। महिलाएं और युवतियां सिर पर तीज माता एवं जवारे की टोकरियां रखकर यात्रा में शामिल हुईं। ढोल-ढमाकों और पारंपरिक गीतों की गूंज के बीच निकली शोभायात्रा का ग्रामीणों ने जगह-जगह स्वागत किया। इस दौरान लोगों ने एक-दूसरे को तीज पर्व की शुभकामनाएं दीं।

शोभायात्रा लोदरी नदी पहुंची, जहां पंडित लखनदास वैष्णव ने 18 महिलाओं को विधि-विधान से तीज माता का पूजन कराया। पूजा के बाद महिलाओं ने तीज माता एवं जवारे का विसर्जन किया।

विसर्जन के बाद भाई-बहन के स्नेह से जुड़ी पारंपरिक रस्म निभाई गई। भाइयों ने अपनी बहनों के सिर से जवारे उतारे और उन्हें पानी में चार-चार डुबकी लगवाई। इसके बाद बहनों ने भाइयों का तिलक कर मिठाई खिलाई और पर्व की शुभकामनाएं दीं। पूरे आयोजन के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे। तीज पर्व ने गांव में धार्मिक आस्था के साथ-साथ लोक परंपरा, आपसी भाईचारे और पारिवारिक स्नेह का रंग भी बिखेरा।



