गोमाता से लेकर मच्छरों के प्रकोप तक—नगर निगम बैठक में एल्डरमैन दिनेश सांखला ने उठाए जनहित के मुद्दे

देवास। नगर निगम परिषद की साधारण सभा बैठक में भाजपा द्वारा मनोनीत एल्डरमैन दिनेश सांखला ने जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।
उन्होंने सनातन धर्म में पूजनीय गोमाता के संरक्षण से लेकर शहर में बढ़ते मच्छरों के प्रकोप और उससे पैदा होने वाली बीमारियों तक, निगम प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराया।
भाजपा संगठन द्वारा एल्डरमैन मनोनीत किए गए दिनेश सांखला लंबे समय से सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रहे हैं। अपनी सादगी और सामाजिक सरोकारों के चलते उन्होंने क्षेत्र में अलग पहचान बनाई है। परिषद की बैठक में भी उन्होंने अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए शहर से जुड़े विभिन्न विषयों पर सुझाव रखे।
गोशाला और चरनोई भूमि का मुद्दा उठाया-
बैठक में सांखला ने शंकरगढ़ स्थित नगर निगम द्वारा संचालित गोशाला को लेकर चर्चा की। उन्होंने गोवंश के लिए पर्याप्त चरनोई भूमि उपलब्ध कराने के लिए उपयुक्त स्थान चयनित करने तथा शहर के समीप एक नवीन गोशाला स्थापित करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि गोमाता सनातन परंपरा में पूजनीय हैं और उनके संरक्षण के लिए व्यवस्थाओं को और मजबूत किया जाना चाहिए। शहर के आसपास गोवंश की बढ़ती संख्या को देखते हुए व्यवस्थित गौशाला और पर्याप्त चरनोई भूमि की व्यवस्था जरूरी है।

मच्छरों के बढ़ते प्रकोप पर भी चिंता-
एल्डरमैन सांखला ने बैठक में बारिश के मौसम में शहर में बढ़ते मच्छरों के प्रकोप का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने महापौर, सभापति और निगम आयुक्त के समक्ष कहा कि बारिश के बाद मच्छरों की संख्या बढ़ने से डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है।
समर्पित कार्यकर्ता को मिला सम्मान, दिनेश सांखला बने नगर निगम देवास के एल्डरमैन
उन्होंने सुझाव दिया कि नगर निगम द्वारा सभी वार्डों में नियमित रूप से कीटनाशक दवाओं का छिड़काव और फॉगिंग कराई जाए। इसके लिए वार्डवार विशेष अभियान चलाकर संवेदनशील क्षेत्रों में प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने की मांग भी रखी।
जनहित के मुद्दों पर सक्रिय रहने का संदेश-
दिनेश सांखला द्वारा बैठक में उठाए गए मुद्दों में एक ओर गोवंश संरक्षण और बेहतर व्यवस्थाओं की मांग रही, वहीं दूसरी ओर बारिश के मौसम में शहरवासियों के स्वास्थ्य से जुड़ी चिंता भी सामने आई। उनके सुझावों से निगम परिषद की बैठक में जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता मिली।





