शिक्षा

40 वर्षों की सेवा के बाद शिक्षक विष्णु पटेल सम्मानपूर्वक सेवानिवृत्त, भावुक माहौल में दी गई विदाई

Share

 

देवास। माध्यमिक विद्यालय नागौरा में शिक्षक विष्णु पटेल की 40 वर्षों की निष्कलंक एवं समर्पित शासकीय सेवा पूर्ण होने पर सेवानिवृत्ति सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम भावनाओं से सराबोर रहा, जहां सहकर्मियों, विद्यार्थियों, ग्रामीणों एवं परिजनों ने उनके शिक्षा क्षेत्र में दिए गए अमूल्य योगदान को याद करते हुए भावभीनी विदाई दी।

समारोह में संकुल प्राचार्य नीलिमा शाह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के चित्र पर मुख्य अतिथि एवं श्री पटेल ने अपनी धर्मपत्नी के साथ दीप प्रज्वलित कर किया। संस्था प्रधान उपासना तिवारी ने स्वागत उद्बोधन देते हुए सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ से अभिनंदन किया। इसके बाद जनशिक्षक अरुण मिश्रा, रमाशंकर सोनी तथा विद्यालय परिवार ने श्री पटेल का आत्मीय स्वागत किया।

अपने संबोधन में जनशिक्षक श्री मिश्रा ने बताया कि श्री विष्णु पटेल ने 21 नवंबर 1986 को माध्यमिक विद्यालय बाई जगवाड़ा से अपने शासकीय सेवाकाल की शुरुआत की थी। लगभग चार दशक की सेवा में उन्होंने 24 वर्षों तक माध्यमिक विद्यालय सुनवानी महाकाल में उत्कृष्ट कार्य किया तथा अंतिम दो वर्षों तक माध्यमिक विद्यालय नागौरा में अपनी सेवाएं दीं।

उन्होंने बताया कि श्री पटेल के जीवन का सबसे गौरवपूर्ण क्षण यह रहा कि जिस विद्यालय में उन्होंने बचपन में कक्षा 1 से 5 तक शिक्षा प्राप्त की थी, उसी विद्यालय से 31 जुलाई 2026 को 40 वर्षों की सफल, ईमानदार और समर्पित शासकीय सेवा पूर्ण कर सम्मानपूर्वक सेवानिवृत्त हुए। यह संयोग समारोह में उपस्थित सभी लोगों के लिए विशेष प्रेरणादायक रहा।

ये भी पढ़ें: जहां बचपन में पढ़े, वहीं 40 साल पढ़ाया… फिर पूरे सम्मान के साथ ली सेवानिवृत्ति 

वक्ताओं ने कहा कि श्री पटेल ने अपने पूरे सेवाकाल में ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और सरल व्यवहार से विद्यार्थियों एवं सहकर्मियों का विश्वास जीता। उन्होंने जिन-जिन विद्यालयों में सेवाएं दीं, वहां आज भी उनके कार्य और व्यक्तित्व को सम्मानपूर्वक याद किया जाता है।

ये भी पढ़ें: कर्मचारी का रिटायरमेंट एक सरकारी प्रक्रिया है, लेकिन समाजसेवा और देश सेवा करने का बेहतर अवसर – श्री व्यास 

समारोह में श्री पटेल के पुत्र, पुत्रवधू, पुत्री, दामाद सहित परिवार के सदस्य, संकुल का समस्त स्टाफ, सुनवानी महाकाल विद्यालय का स्टाफ, ग्रामीणजन एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। अंत में विद्यालय परिवार ने श्री विष्णु पटेल को स्मृति-चिह्न एवं सम्मान भेंट कर उनके स्वस्थ, सुखद एवं मंगलमय जीवन की शुभकामनाओं के साथ भावभीनी विदाई दी।

Back to top button