दूसरे दिन भी उफान पर रही गुनेरा नदी, एक घंटे की रिमझिम वर्षा ने चार घंटे थमा दिया आवागमन

बेहरी (हीरालाल गोस्वामी)। मंगलवार को भी गुनेरा नदी उफान पर रही। एक घंटे की रिमझिम वर्षा से रपटे पर 2 फीट पानी बहने लगा, जिससे बेहरी-बागली मुख्य मार्ग चार घंटे तक अवरुद्ध रहा। ग्रामीण, स्कूली बच्चे और मवेशी घंटों पानी उतरने का इंतजार करते रहे।
दोपहर 3 बजे शुरू हुई रिमझिम वर्षा एक घंटे में ही थम गई, लेकिन नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया। रपटे पर तेज बहाव को देखते हुए लोग अटक गए। बाइक सवार, पैदल यात्री और मवेशियों को लेकर ग्रामीण खड़े रहे। छाता लेकर लोग पुलिया के किनारे पानी कम होने का इंतजार कर रहे। कुछ ग्रामीणों ने जान जोखिम में डालकर बहाव के बीच से मवेशियों को निकाला।
लगातार दूसरे दिन मार्ग बंद होने से ग्रामीणों में आक्रोश है। लोगों का कहना है कि हर साल वर्षा में 20-25 दिन यही हाल रहता है। पुल नहीं होने से बागली का बेहरी समेत 20 गांवों से संपर्क टूट जाता है।
बेहरी, चैनपुरा, अंबाझर, खेड़ा, गोपालपुरा, पजरिया, बावड़ीखेड़ा, रामपुरा की तरफ से सैकड़ों बच्चे इसी रास्ते से बागली स्कूल आते हैं। अभिभावकों का कहना है कि या तो बच्चों को 10-15 किमी घूमकर जाना पड़ेगा या पढ़ाई छोड़नी पड़ेगी।
सरपंच हुकमसिंह बछानिया ने बताया कि कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। न होमगार्ड तैनात किए गए, न बैरिकेड लगाए। लोग रपटे को पार करते रहे।




