देवास में अवैध शराब कारोबार पर आबकारी का बड़ा प्रहार, 1200 किलो महुआ लाहन और हाथभट्टी शराब जब्त

अंबेडकर नगर, प्रताप नगर समेत ढाबों और संदिग्ध ठिकानों पर दबिश; 5 प्रकरण दर्ज, 1.22 लाख रुपए की सामग्री बरामद
देवास। जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ आबकारी विभाग ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए शराब माफियाओं पर शिकंजा कसा है।
अंबेडकर नगर, प्रताप नगर सहित कई ढाबों और संदिग्ध स्थानों पर की गई ताबड़तोड़ दबिश में हाथभट्टी शराब और भारी मात्रा में महुआ लाहन बरामद किया गया। कार्रवाई के दौरान कुल पांच प्रकरण दर्ज किए गए हैं।
कलेक्टर ऋतुराज सिंह के निर्देशन तथा जिला आबकारी अधिकारी बसंती भूरिया के मार्गदर्शन में आबकारी विभाग द्वारा विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान देवास शहर के अंबेडकर नगर, प्रताप नगर क्षेत्र सहित विभिन्न ढाबों एवं होटलों पर छापामार कार्रवाई की गई।
कार्रवाई में 10 लीटर हाथभट्टी मदिरा एवं 1200 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद किया गया। आबकारी विभाग ने मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) के तहत कुल पांच प्रकरण दर्ज किए हैं। जब्त की गई सामग्री का अनुमानित बाजार मूल्य करीब 1 लाख 22 हजार रुपये बताया गया है।
इस अभियान में आबकारी उपनिरीक्षक प्रेम यादव, राजश्री खन्ना और योगेंद्र सिंह के साथ आबकारी मुख्य आरक्षक दीपक धुरिया तथा आरक्षक बालकृष्ण जायसवाल, सुरेंद्र वर्षी और दीपक तटवाड़े शामिल रहे। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण और विक्रय के विरुद्ध ऐसी कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।




