ट्रांसफार्मर के करंट की चपेट में आने से दो बैलों की दर्दनाक मौत

पुंजापुरा (बाबू हनवाल)। खेती-किसानी के सबसे बड़े सहारे माने जाने वाले दो बैलों की करंट लगने से मौत हो जाने से एक किसान को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।
घटना किशनगढ़ गांव की है, जहां खेत से घर लौट रहे बैल रास्ते में विद्युत विभाग के ट्रांसफार्मर से फैले करंट की चपेट में आ गए और मौके पर ही दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार किसान नवलसिंह पुत्र पुनिया के बैल पिपलपाटी स्थित खेत से किशनगढ़ स्थित घर की ओर आ रहे थे। इसी दौरान हरिजन मोहल्ले के पास लगे ट्रांसफार्मर के आसपास जमीन पर करंट फैल गया था। जैसे ही बैल वहां पहुंचे, वे करंट की चपेट में आ गए। देखते ही देखते दोनों बैलों की मौके पर ही मौत हो गई।
डेयरी फार्मिंग से कमाई कैसे करें
घटना से किसान को खेती के सीजन में बड़ा झटका लगा है। ग्रामीणों का कहना है कि बैल किसान की खेती का महत्वपूर्ण साधन होते हैं और उनकी मौत से किसान को आर्थिक व मानसिक दोनों तरह की क्षति हुई है।
घटना के बाद सरपंच सुन्दरलाल काकरवाल, रुगनाथसिंह दरबार, बंशीलाल सतपुड़ा और मुकेश खाड़े सहित ग्रामीणों ने पीड़ित किसान को उचित मुआवजा एवं आर्थिक सहायता देने की मांग प्रशासन और विद्युत विभाग से की है।




