शिक्षा

TET से राहत की मांग तेज: 2010 से पहले नियुक्त शिक्षकों को परीक्षा से स्थायी छूट देने की उठी आवाज

Share

 

मध्य प्रदेश शिक्षक संघ ने प्रधानमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन, सेवा वरिष्ठता, पदोन्नति और अन्य लाभ सुरक्षित रखने की मांग

देवास। देशभर में शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) की अनिवार्यता को लेकर बढ़ती चिंता के बीच मध्य प्रदेश शिक्षक संघ ने 23 अगस्त 2010 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों को टीईटी से स्थायी रूप से मुक्त करने की मांग उठाई है।

अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ (ABRSM) के राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत देवास में शिक्षकों ने प्रधानमंत्री, केंद्रीय शिक्षा मंत्री, मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर अध्यादेश या विधायी संशोधन लाने की मांग की। शिक्षकों का कहना है कि वर्षों से सेवा दे रहे शिक्षकों की वरिष्ठता, पदोन्नति और अन्य सेवा लाभों पर किसी प्रकार का प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ना चाहिए।

जिला मुख्यालय पर शिक्षकों ने अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन डिप्टी कलेक्टर देवास को सौंपा। ज्ञापन में मुख्य रूप से मांग की गई कि 23 अगस्त 2010 से पूर्व नियुक्त सभी शिक्षकों को टीईटी की अनिवार्यता से स्थायी रूप से मुक्त किया जाए। साथ ही ऐसे शिक्षकों की सेवा वरिष्ठता, पदोन्नति तथा अन्य सेवा लाभों का पूर्ण संरक्षण सुनिश्चित किया जाए। शिक्षकों ने मांग रखी कि आवश्यकता पड़ने पर संसद में उपयुक्त विधायी संशोधन अथवा विशेष प्रावधान लाकर इस वर्ग को स्थायी राहत प्रदान की जाए।

ज्ञापन में यह भी कहा गया कि सभी राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों को स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए जाएं, जिससे शिक्षकों में व्याप्त असमंजस और असुरक्षा की स्थिति का तत्काल निराकरण हो सके। शिक्षक समुदाय का मानना है कि राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले शिक्षकों के साथ न्याय सुनिश्चित करने के लिए केंद्र सरकार संवेदनशील, दूरदर्शी और न्यायपूर्ण निर्णय लेगी।

इस अवसर पर मध्य प्रदेश शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष दिनेश सिंह सिसोदिया, संभागीय संगठन मंत्री उदल सिंह परमार, जिला संगठन मंत्री मोहनदास बैरागी, जिला सचिव कमलकांत मेहता, जिला कोषाध्यक्ष सोहन पटेल, जगदीश भाटी, सुनील मंडलोई, धर्मेंद्र नरवरिया, रामगोपाल मीणा, मयंक दुबे, नरेंद्र मालवीय, दीपक रेगे, महेश राठौर, मुरलीधर सेन, अशोक, रविंद्र पाल सिंह तंवर, संतोष परमार, राजेश शर्मा, मोहनलाल गहलोत, संजय चौधरी, वंदना बैरागी, कीर्ति तेलंग, अंजना आदर्श, प्रज्ञा व्यास, डेविड मैडम, पंचोली मैडम, लीला परमार, दीक्षित मैडम, देशपांडे मैडम सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं। ज्ञापन का वाचन मध्य प्रदेश शिक्षक संघ के जिला मीडिया प्रभारी वसंत व्यास ने किया।

Back to top button