देवास में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई: घर में छिपाकर रखी शराब जब्त, केस दर्ज

जयप्रकाश नगर में दबिश के दौरान अंग्रेजी और देशी शराब का बड़ा जखीरा मिला, कीमत करीब 79 हजार रुपए
देवास। अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आबकारी विभाग को बड़ी सफलता मिली है। विभाग ने शहर के जयप्रकाश नगर स्थित एक मकान पर दबिश देकर 84 बल्क लीटर अवैध शराब जब्त की है। कार्रवाई के दौरान अंग्रेजी और देशी मदिरा का बड़ा जखीरा बरामद हुआ।
कलेक्टर ऋतुराज सिंह के निर्देशानुसार तथा सहायक आबकारी आयुक्त मनीष खरे के मार्गदर्शन में आबकारी विभाग द्वारा जिले में अवैध मदिरा निर्माण, विक्रय, परिवहन और संग्रहण के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है।
इसी कड़ी में आबकारी दल द्वारा देवास शहर के जयप्रकाश नगर स्थित अमित राठौर के रिहायशी मकान पर दबिश दी गई। मौके पर अमित राठौर की उपस्थिति में मकान से 40 बोतल अंग्रेजी शराब, 250 पाव अंग्रेजी शराब, 50 पाव देशी मदिरा प्लेन, कुल मात्रा 84 बल्क लीटर मदिरा जब्त की गई। अनुमानित कीमत 78 हजार 800 रुपए है। आरोपी के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(2) का प्रकरण पंजीबद्ध किया गया।
कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी नीलेश पवार, आबकारी उप निरीक्षक प्रेम यादव, आबकारी आरक्षक बालकृष्ण जायसवाल, अरविंद जिनवाल, निहाल खत्री, आशीष गुप्ता, गीतेश शामिल थे।
जिले आबकारी विभाग द्वारा अवैध मदिरा निर्माण, विक्रय, परिवहन और संग्रहण के विरुद्ध इस प्रकार की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।




