उज्जैन

लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई: रिटायर्ड शिक्षक का PPO जारी करने के बदले 10 हजार की रिश्वत लेते बाबू ट्रैप

Share

 

जावरा के संकुल केंद्र में लोकायुक्त उज्जैन ने रंगे हाथों पकड़ा

उज्जैन। रतलाम जिले के जावरा में लोकायुक्त उज्जैन ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सहायक ग्रेड-2 (बाबू) को 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। बाबू एक सेवानिवृत्त शिक्षक के सेवानिवृत्ति प्रमाण पत्र और पीपीओ (पेंशन भुगतान आदेश) जारी कराने के एवज में रिश्वत की मांग कर रहा था।

उज्जैन लोकायुक्त की टीम ने मंगलवार को जावरा स्थित संकुल केंद्र शासकीय कन्या उमावि कमला नेहरू में ट्रैप कार्रवाई करते हुए सहायक ग्रेड-2 अनिल वर्मा को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते पकड़ा।

लोकायुक्त से मिली जानकारी के अनुसार, आवेदक लक्ष्मीनारायण लोट, जो शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय हाटपिपल्या (ब्लॉक जावरा) से सेवानिवृत्त शिक्षक हैं, अपने सेवानिवृत्ति प्रमाण पत्र और पीपीओ जारी कराने की प्रक्रिया पूरी कराना चाहते थे। आरोप है कि इस कार्य के लिए अनिल वर्मा ने 10 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी।

शिकायत की पुष्टि होने के बाद लोकायुक्त उज्जैन ने योजना बनाकर ट्रैप कार्रवाई की। जैसे ही आवेदक ने आरोपी को रिश्वत की राशि सौंपी, उसने रकम अपने हाथ में लेकर टेबल की दराज के ऊपर रखे रजिस्टर के नीचे छिपा दी। इसी दौरान लोकायुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और राशि बरामद कर ली।

लोकायुक्त ने भ्रष्टाचार निवारण संशोधन अधिनियम 2018 की धारा-7 के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल टीम आगे की वैधानिक कार्रवाई में जुटी हुई है।

यह कार्रवाई लोकायुक्त महानिदेशक योगेश देशमुख के भ्रष्टाचार के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक आनंद कुमार यादव के मार्गदर्शन में की गई। ट्रैप दल में डीएसपी दिनेशचंद्र पटेल, निरीक्षक हीना डावर, प्रधान आरक्षक हितेश ललावत, आरक्षक उमेश जाटव, श्याम शर्मा, नीरज राठौर, संदीप कदम आदि शामिल रहे।

लोकायुक्त की अपील
लोकायुक्त संगठन ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई शासकीय अधिकारी या कर्मचारी किसी सरकारी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो इसकी शिकायत लोकायुक्त उज्जैन के मोबाइल नंबर 9425103975 अथवा दूरभाष 0734-2512756 पर की जा सकती है।

Back to top button