Instagram पर प्रेमजाल बिछाकर नाबालिग से लाखों की ठगी
आरोपी गिरफ्तार, सहयोगी महिला भी पुलिस गिरफ्त में

– शादी का झांसा देकर 8 से 10 लाख रुपए एवं आभूषण हड़पे, सोशल मीडिया के माध्यम से बनाया था विश्वास
देवास। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर प्रेमजाल बिछाकर एक नाबालिग किशोरी से लाखों रुपये और कीमती आभूषण ठगने वाले आरोपी को देवास पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आरोपी की सहयोगी महिला को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, देवास निवासी एक महिला ने 3 जून को थाना औद्योगिक क्षेत्र में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग पोती के माध्यम से उसके बैंक खाते से बड़ी रकम निकाल ली गई है। बैंक स्टेटमेंट की जांच में सामने आया कि खाते में केवल 19 रुपये शेष बचे हैं और लाखों रुपये आशीष डामोर नामक युवक के खाते में ट्रांसफर किए गए हैं।
जांच में नाबालिग ने बताया कि दिसंबर 2024 में उसकी पहचान इंस्टाग्राम पर आशीष डामोर से हुई थी। बातचीत के दौरान आरोपी ने शादी का झांसा देकर उसका विश्वास जीत लिया। इसके बाद आरोपी ने रुपये दोगुना कर लौटाने का लालच देकर किशोरी से उसके दादा-दादी के बैंक खातों से करीब 8 से 10 लाख रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करवा लिए। इतना ही नहीं, आरोपी ने घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण भी हासिल कर लिए और बाद में संपर्क खत्म कर दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) जयवीर सिंह भदौरिया एवं नगर पुलिस अधीक्षक सुमित अग्रवाल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी शशिकांत चौरसिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपी आशीष उर्फ जैकब डामोर (24) निवासी उज्जैन, हाल मुकाम ओम साईं विहार देवास को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि ठगी से प्राप्त संपत्ति का एक हिस्सा उसने अपनी बहन को दिया था। इसके बाद पुलिस ने उसे भी सह-आरोपी बनाकर गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई जारी है।
सराहनीय कार्य–
उक्त सराहनीय कार्य में थाना प्रभारी औद्योगिक क्षेत्र श्री चौरसिया, उपनिरीक्षक गौरव नगावत, प्रधान आरक्षक सुरेश धाकड़, आरक्षक लक्ष्मीकांत शर्मा एवं महिला आरक्षक स्वप्नील की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने नागरिकों से अपील-
• सोशल मीडिया पर बने रिश्तों पर बिना सत्यापन के विश्वास न करें।
• विवाह, नौकरी, निवेश अथवा रुपए दोगुना करने जैसे प्रलोभनों से सावधान रहें।
• नाबालिग बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों एवं सोशल मीडिया संपर्कों पर नियमित निगरानी रखें।
• बैंक खाते, ओटीपी, पासवर्ड एवं वित्तीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें।
• किसी भी प्रकार की साइबर ठगी या ऑनलाइन धोखाधड़ी होने पर तत्काल 1930 हेल्पलाइन अथवा निकटतम पुलिस थाने में सूचना दें।




